तमाम बॉलीवुड एक्टर्स के बाद अब हाल ही में टीवी की मशहूर एक्ट्रेस काम्या पंजाबी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) में हिस्सा लिया है। काम्या पंजाबी (Kamya Punjabi) उत्तर प्रदेश में इस यात्रा में शामिल हुईं। राहुल गांधी ने 4 दिसंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की और बताया किन लोगों ने उनके साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’में हिस्सा लिया। पहली तस्वीर में काम्या पंजाबी, राहुल गांधी के साथ बातचीत करते हुए चलती नजर आईं।
काम्या के एक्टिंग करियर के अलावा उनकी हिम्मत के लिए लोग उन्हें जानते हैं। उन्हें अकसर मुद्दों पर खुलकर बात करते देखा जाता है। अब इस यात्रा में शामिल होने के लिए भी उनकी खूब तारीफ हो रही है।
ट्विटर पर काम्या पंजाबी ने भी अपनी तस्वीर शेयर की है। काम्या ने कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से काम्या का वीडियो शेयर किया गया है, जिसे साझा करते हुए काम्या ने लिखा,”आओ मिलकर जोड़ें अपना भारत।”

आपको बता दें कि काम्या से पहले तमाम कलाकार राहुल गांधी के साथ इस यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। कमल हासन, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी, अमोल पालेकर, सुशांत सिंह, रिया सेन और पूजा भट्ट समेत कई एक्टर्स ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग ले चुके हैं।
बता दें कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 7 सिंतबर 2022 को कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा‘ शुरू की थी। कन्याकुमारी से शुरू हुई ये यात्रा अब तक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली को कवर कर चुकी है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है। राहुल गांधी ने मुख्य राजनीतिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए इस यात्रा की शुरुआत की।
गौरतलब है कि काम्या ने अक्टूबर 2021 में कांग्रेस ज्वाइन की थी। इसलिए अब वह अपने नेता के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती नजर आईं। काम्या ने कई बड़े टीवी सीरियल में काम किया है। जिनमें रेत, ‘अस्तित्व:एक प्रेम कहानी’,’बनूं मैं तेरी दुल्हन’,’पिया का घर’ और ‘शक्ति’ जैसे सीरियल शामिल हैं। इसके अलावा वह कॉमेडी सर्कस में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने बिग बॉस 7 में भी भाग लिया था। वह कुछ फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।