दिग्गज अभिनेता कमल हासन अपने लंबे करियर में कई भूमिकाएं निभा चुके हैं। कभी उन्होंने कभी चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। जिसके बाद वो बतौर फिल्ममेकर, कभी राजनीतिक चेहरा बनकर उभरे। अब हाल के सालों में कमल हासन एक बार फिर से बॉक्स ऑफिस के मजबूत सितारे बन गए हैं। अब उनके एक करीबी दोस्त और लंबे समय से सहयोगी ने उन्हें एक नया खिताब भी दे दिया है। वह भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता बन गए हैं।

सबसे महंगे एक्टर बने कमल हासन

फिल्ममेकर और अभिनेता युगी सेतु ने इंडिया ग्लिट्ज से बातचीत में खुलासा किया कि Kalki 2898 AD में अपने रोल के लिए कमल हासन को 150 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस मिली है। इस साइंस-फिक्शन फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन ने किया है और इसमें कमल हासन ने सुप्रीम यास्किन की भूमिका निभाई है, जो एक सर्वाधिकारवादी देवता-राजा है। सेतु ने बताया, “कमल सर का कद ही ऐसा है। ‘कल्कि 2898 AD’ के लिए उन्हें 20 दिन की कॉल शीट के बदले 150 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। मैंने उनके जन्मदिन पर उनसे कहा कि अब आप भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता बन गए हैं। उन्हें हर दिन लगभग 10 लाख डॉलर मिल रहे हैं।”

20 दिन की शूटिंग 10 दिन में की पूरी

हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। सेतु ने आगे बताया कि कमल हासन ने उन्हें फिल्म के प्रोड्यूसर सी अश्वनी दत्त से मिलवाया। तब सेतु ने मजाक में दत्त का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने उनके दोस्त को देश का सबसे महंगा अभिनेता बना दिया। इस पर दत्त ने हंसते हुए कहा कि कमल हासन ने फिल्म के लिए 20 नहीं बल्कि सिर्फ 10 दिन शूटिंग की थी।

यह भी पढ़ें: ‘अनजाने में भी गलतियां हो जाती हैं’- तृषा पर टिप्पणी के बाद पार्थिबन ने मांगी माफी, अभिनेत्री बोलीं- मूर्खता…

यह सुनकर सेतु ने मजाक में जवाब दिया, “ओह, तो फिर मुझे अपनी बात सुधारनी पड़ेगी-इसका मतलब है कि कमल सर को हर दिन 20 लाख डॉलर मिले।”सेतु की ये बात सिर्फ सामान्य तारीफ नहीं मानी जा रही, क्योंकि उनका कमल हासन से दो दशक से ज्यादा पुराना रिश्ता है। दोनों ने साथ में Panchatanthiram (2002) और Anbe Sivam (2003) जैसी फिल्मों में काम किया है। इसलिए उनकी टिप्पणी में दोस्ती का गर्व और इंडस्ट्री की समझ- दोनों झलकते हैं।

फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ में कमल हासन ने सुप्रीम यास्किन नाम के खलनायक का किरदार निभाया है, जो ‘कॉम्प्लेक्स’ नाम की डिस्टोपियन दुनिया पर राज करने वाला एक तानाशाह शासक है। हालांकि फिल्म में उनका स्क्रीन टाइम सीमित है, लेकिन कहानी में उनका किरदार बेहद अहम है और फिल्म के अंत में यह संकेत भी दिया गया है कि सीक्वल में उनका रोल काफी बड़ा होने वाला है।

दरअसल, कमल हासन की मार्केट वैल्यू पिछले दशक में कुछ कम होती नजर आ रही थी, लेकिन 2022 में आई उनकी फिल्म Vikram ने जबरदस्त वापसी कराई। करीब 150 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 400 करोड़ रुपये की कमाई की और इसके बाद से कमल हासन की स्टार पावर फिर से शीर्ष पर पहुंच गई।

यह भी पढ़ें: ‘मैंने फाइनल नहीं देखा इसलिए भारत जीत गया’, T20 वर्ल्ड कप जीत पर बोले अमिताभ बच्चन

इस बीच ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल पर काम भी शुरू हो चुका है। हाल ही में अमिताभ बच्चन ने सेट से कमल हासन के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि दोनों लंबे समय बाद फिर साथ काम कर रहे हैं।

इसके अलावा कमल हासन आने वाले समय में सुपरस्टार रजनीकांत के साथ भी एक फिल्म में नजर आ सकते हैं, जिसका निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार करेंगे। नेल्सन इससे पहले ‘जेलर’ जैसी सुपरहिट फिल्म बना चुके हैं।