सलमान खान के 1998 के चर्चित ‘काला हिरण’ शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही फिल्म काला हिरण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फिल्म के निर्माताओं को सलमान की ओर से कानूनी नोटिस भेजे जाने के बीच ‘वॉन्टेड’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता गोविंद नामदेव ने भी इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है।
उनका कहना है कि निर्माताओं ने उन्हें फिल्म की असली कहानी के बारे में नहीं बताया था और वह किसी ऐसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहते जो सलमान खान की छवि को नुकसान पहुंचाए।
इससे पहले अभिनेता सोनू मिश्रा भी फिल्म छोड़ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें फिल्म में सलमान खान से मिलते-जुलते किरदार का मुख्य रोल ऑफर किया गया था और उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी थी। लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि फिल्म का उद्देश्य सलमान खान को नेगेटिव दिखाना है, जिसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: ‘जो कुछ भी मुझसे छूट गया है…’, अरिजीत सिंह के बाद, प्रीतम ने दिया मेनस्ट्रीम म्यूजिक से ब्रेक लेने का हिंट
सोनू मिश्रा ने एक इंटरव्यू में कहा, “मैं काला हिरण को लेकर काफी उत्साहित था। मुझे सुपरस्टार सलमान खान जैसा किरदार निभाने का मौका मिला था। लेकिन जैसे-जैसे फिल्म की कहानी सामने आई, मुझे इसके इरादों का पता चला। मैं पिछले 15-16 सालों से अभिनय कर रहा हूं और ऐसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहता जो किसी सुपरस्टार को गलत तरीके से पेश करे।”
उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट और कॉन्ट्रैक्ट मांगा तो काफी देरी के बाद उन्हें दस्तावेज दिखाए गए। मिश्रा के अनुसार, कॉन्ट्रैक्ट में उनसे मीडिया के सामने सलमान खान के खिलाफ बयान देने की बात भी कही गई थी, जो उनके नैतिक मूल्यों के खिलाफ था। इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला किया।
सोनू मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के निर्माता सलमान खान को निशाना बनाकर प्रचार हासिल करना चाहते हैं। उनका कहना है कि जिस कानूनी नोटिस की बात की जा रही है, उसे फाड़ने का ड्रामा सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए किया गया है।
यह भी पढ़ें: सुरैया के इश्क में इस कदर दीवाना हुआ फैन, शादी की बारात लेकर पहुंच गया था उनके घर | रील गाथा
वहीं, गोविंद नामदेव ने कहा कि जब उन्होंने काला हिरण का टीजर देखा तो वह हैरान रह गए। उनके मुताबिक, उन्हें कभी नहीं बताया गया था कि फिल्म में सलमान खान से मिलता-जुलता कोई किरदार दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा, “जो कहानी मुझे बताई गई थी और जो फिल्म बनाई गई है, दोनों में जमीन-आसमान का फर्क है। टीजर देखने के बाद मुझे लगा कि मुझे अंधेरे में रखा गया और मेरा इस्तेमाल किया गया।”
फिल्म के टीजर में अभिनेता कासिफ इकबाल खान, सलमान खान की तरह दिखाई देते हैं और उनके मशहूर ब्रेसलेट जैसा एक्सेसरी भी पहने नजर आते हैं। फिल्म का सिनॉप्सिस बताता है कि यह 1998 के जोधपुर के कांकाणी गांव में हुए काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और बिश्नोई समुदाय के वन्यजीव संरक्षण के संघर्ष को दर्शाती है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि काला हिरण के सभी किरदार काल्पनिक हैं। इस फिल्म से जुड़े विवाद पर खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
