बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंद नामदेव और सलमान खान ने साथ में ‘राधे’, ‘वांटेड’ और ‘गर्व’ समेत कई फिल्मों में काम किया है। अब गोविंद ‘काला हिरण’ नाम की एक फिल्म में वकील का किरदार निभाते हुए नजर आने वाले थे, लेकिन उन्होंने खुद को इस मूवी से अलग कर लिया। बताया जा रहा है कि यह मूवी सलमान खान से जुड़े 1998 के काले हिरण शिकार मामले पर कथित तौर पर आधारित है।
ऐसे में अभिनेता ने अमर उजाला से बात करते हुए कहा था कि उन्हें टीजर देखकर झटका लगा और उन्हें एहसास हुआ कि जिस फिल्म का प्रचार किया जा रहा है, वह उस प्रोजेक्ट से बिल्कुल अलग है, जिसका हिस्सा बनने के लिए उन्होंने हामी भरी थी। इसके बाद अब ‘काला हिरण’ के मेकर्स ने अभिनेता को कानूनी नोटिस भेजा है। साथ ही 50 लाख रुपये और सार्वजानिक माफी की मांग की है।
यह भी पढ़ें: ‘छोटी सोच वाले लोग…’, प्रकाश राज के समर्थन के बीच CJP पर बरसे पवन कल्याण, बोले- देश की अखंडता को…
अमित जानी ने किया पोस्ट
‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी ने दावा किया कि उन्होंने नामदेव को कानूनी नोटिस भेजा है और उनसे सात दिनों के अंदर माफी मांगने को कहा गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक्टर से प्रोडक्शन हाउस को नुकसान के तौर पर 50 लाख रुपये देने के लिए कहा गया है।
इससे पहले 14 जून को प्रोड्यूसर आमिर जानी ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए यह दावा किया था कि गोविंद को फिल्म की कहानी के बारे में पूरी जानकारी थी, क्योंकि उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद ही फिल्म का हिस्सा बनने के लिए हामी भरी थी। उन्होंने यह भी बताया कि एक्टर ने कोर्टरूम सीन की शूटिंग की थी, जिससे साफ पता चलता था कि फिल्म असल जिंदगी के एक मामले पर आधारित है।
उन्होंने मेकर्स पर धोखाधड़ी के आरोपों को गलत बताया और इसके उलट नामदेव पर ही मेकर्स के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाया, क्योंकि कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, वह फिल्म की बदनामी नहीं कर सकते। अमित ने यह भी दावा किया था कि गोविंद को सिर्फ इस फिल्म के लिए ही नहीं, बल्कि इसके संभावित सीक्वल के लिए भी साइन किया गया था। उन्होंने कहा कि नामदेव, सलमान खान की नजर में अच्छा बने रहने के लिए ही इस प्रोजेक्ट से खुद को दूर कर रहे हैं।
