फिल्म ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ इन दिनों काफी सुर्खियों में है। फिल्म के मेकर्स के खिलाफ एक्टर सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है। एक्टर का कहना है कि ये फिल्म उनके साल 1998 के काला हिरण मामले पर आधारित है। सलमान खान ने कोर्ट से अपील की है कि ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ की प्रोडक्शन, प्रमोशन और रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए। क्या है पूरा मामला चलिए बताते हैं…
सलमान खान की तरफ से फिल्म के खिलाफ हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका में कहा गया है कि काला हिरण केस अभी कोर्ट में लंबित है, इसलिए इस पर बनी फिल्म की रिलीज कानूनी प्रक्रिया पर असर डाल सकती है। उन्होंने फिल्म के निर्माण, प्रमोशन, स्ट्रीमिंग और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि मेकर्स ज्यादा सुर्खियां बटोरने और मुनाफा कमाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सलमान खान के फिल्म काला हिरण पर आरोप
‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान का आरोप है कि फिल्म ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ उनकी इजाजत के बिना बनाई गई है और उनके पर्सनैलिटी राइट्स का हनन करती है। उनका कहना है कि फिल्म में उन्हें अंडरवर्ल्ड से जुड़ा हुआ दिखाने या ऐसा संकेत देने की कोशिश की गई है। 12 जून को रिलीज हुए फिल्म के फर्स्ट लुक में सलमान से प्रेरित किरदार ‘अयान खान’ को पेश किया गया है। फर्स्ट लुक में काला हिरण केस के साथ-साथ लॉरेंस बिश्नोई के साथ उनके विवाद और पुलिस जांच से जुड़े घटनाक्रम भी दिखाए गए हैं।
‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ का पहला लुक
फिल्म ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ का फर्स्ट लुक आज 12 जून को रिवील हो चुका है। फिल्म के फर्स्ट लुक की बात करें तो वीडियो की शुरुआत में ही एक शख्स सलमान खान के जैसा ब्रेसलेट पहने दिखाई देता है और उसकी काले हिरण के शिकार करने पर कोर्ट में सुनवाई हो रही है।
कमाल बात कि मेकर्स ने सलमान के आरोपों को नकार दिया था लेकिन वीडियो में वो शख्स बिल्कुल सलमान खान की तरह एक्टर है और उनके ही हाव-भाव में नजर आ रहा हैं। साथ ही फिल्म में उसका कनेक्शन अंडरवर्ल्ड के साथ दिखाया गया है। बिश्नोई समाज से लेकर हर उस बात को काफी समान रखा गया है जो सलमान खान के काले हिरण केस से मिलती जुलती है।
भारत एस. श्रीनाथ के निर्देशन में बनी ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ को अमित जानी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की स्क्रिप्ट भी अमित जानी ने ही लिखी है। मेकर्स 20 जून को इसका टीजर रिलीज करेंगे।
