बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने शनिवार शाम अपनी प्रोडक्शन कंपनी आमिर खान प्रोडक्शंस (AKP) के 25 साल पूरे होने की खुशी में एक भव्य पार्टी का आयोजन किया। इस खास मौके पर AKP से जुड़े कई कलाकार, फिल्म निर्माता और तकनीशियन शामिल हुए। इसके अलावा आमिर के करीबी दोस्त और सहयोगी भी समारोह में पहुंचे, जिनमें उनकी फिल्म ‘इश्क’ की सह-कलाकार काजोल और जूही चावला भी शामिल थीं।
काजोल ने किया आमिर को रोस्ट
इस इवेंट में काजोल और जूही चावला के साथ स्टेज पर आमिर खान और उनकी एक्स-वाइफ किरण राव भी नजर आईं। किरण ने काजोल और जूही के साथ 1997 की हिट रोमांटिक कॉमेडी ‘इश्क’ में काम किया था। शुरुआत में दोनों ने अभिनेता और प्रोड्यूसर आमिर की खूब तारीफ की, लेकिन अच्छे दोस्तों की तरह उनको खूब रोस्ट भी किया।
यह भी पढ़ें: Lock Upp Season 2 Contestants: सुनीता आहूजा से राम कपूर तक, ‘लॉक अप सीजन 2’ में नजर आएंगे ये कंटेस्टेंट्स
काजोल ने कहा, “मुझे लगता है कि आमिर खान के बारे में एक बात तो पक्की है कि उनके प्रोडक्शन ने साबित कर दिया है कि फिल्मों के मामले में उनकी पसंद बहुत बढ़िया है। ‘लगान’ से लेकर अब तक उनकी पसंद हमेशा शानदार रही है।” काजोल, आमिर की 2001 में आई पहली प्रोडक्शन फिल्म और आशुतोष गोवारिकर की पीरियड स्पोर्ट्स ड्रामा ‘लगान’ का जिक्र कर रही थीं, जिसे 15 जून को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो रहे हैं।
काजोल यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे कहा, “और महिलाओं के मामले में भी उनकी (आमिर) पसंद बहुत अच्छी है।” उस समय उनकी एक्स-वाइफ किरण राव भी कुछ ही दूरी पर खड़ी थीं। बता दें कि ऐसी खबरें आ रही है कि आमिर 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं।
जूही चावला ने कही ये बात
इसके बाद जब जूही चावला से आमिर खान के साथ अपने लंबे और यादगार सफर के बारे में कुछ शब्द कहने को कहा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मेरे पास कुछ शब्द नहीं हैं, बल्कि बहुत सारे शब्द हैं। अगर मैं आमिर के बारे में बोलना शुरू कर दूं, तो पूरी शाम निकल जाएगी। क्योंकि AKP बनने से पहले वह सिर्फ AK थे, जब हमने साथ काम किया था। वह उनकी शुरुआती फिल्मों का दौर था। जिन-जिन लोगों ने मेरे साथ काम किया है, वे आज बहुत ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं।” जूही ने यह बात हंसी-मजाक में कही और आमिर की सफलता की तारीफ की।
