तमिल सिनेमा से निकलकर जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। विजय ने आज 10 मई को चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री की शपथ ली। शपथ समारोह समाप्त होने के बाद अब सोशल मीडिया पर आम लोगों के साथ-साथ साउथ और बॉलीवुड के कई सितारों ने अभिनेता से राजनेता बने विजय को बधाई दी है। इस लिस्ट में पवन कल्याण, प्रकाश राज, आर माधवन, पूजा हेगड़े समेत कई नाम शामिल हैं।

कमल हासन ने लिखी ये बात

अभिनेता कमल हासन ने विजय के सीएम बनते ही एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘TVK के अध्यक्ष, तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री, मेरे भाई थिरु. विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु राज्य की खूब तरक्की हो। यह राज्य नई ऊंचाइयों को छुए।’

यह भी पढ़ें: जोसेफ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं तृषा कृष्णन, निर्देशक रत्ना कुमार ने दी अभिनेता को बधाई

पूजा हेगड़े ने शेयर की तस्वीर

पूजा हेगड़े ने विजय के शपथ ग्रहण समारोह की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “चीफ मिनिस्टर विजय सर।” आगे उन्होंने विजय थलापति को बधाई दी। बता दें कि पूजा और विजय ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है।

प्रकाश राज और आर माधवन ने दी बधाई

प्रकाश राज ने भी मुख्यमंत्री विजय को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “आपको इस नई जिम्मेदारी में सफलता की शुभकामनाएं। आपके शासन में राज्य की और भी ज्यादा समृद्धि हो।”

वहीं, आर माधवन ने लिखा, “मेरे प्रिय भाई, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल हमारे राज्य के लिए सबसे पुरस्कृत और प्रभावशाली हो। ईश्वर आपको वह शक्ति दे जिसकी आपको वह सब अच्छा करने के लिए आवश्यकता है, जो आप करना चाहते हैं। मुझे आप पर बहुत गर्व है भाई।”

अभिनेत्री नगमा ने दी बधाई

अभिनेत्री नगमा ने विजय के लिए एक संदेश शेयर किया, जिसमें लिखा था, “आखिरकार… बधाई हो, आप तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। कृपया जनता के लिए काम करें और पूरी विनम्रता के साथ उनकी सेवा करें। आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।”

शत्रुघ्न सिन्हा ने किया पोस्ट

अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर लिखा, “तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सी. जोसेफ विजय को हार्दिक बधाई। यह सम्मान उन्हें मिलना बिल्कुल उचित था और विजय और उनकी टीम को उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। ईश्वर आप सभी का भला करे, जय हिंद।”

विवेक ओबेरॉय ने किया पोस्ट

अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने ट्विटर पर लिखा, “विजय मेरे भाई, लोगों ने कहा था कि यह नामुमकिन है, उन्होंने कहा था कि यह सिर्फ प्रशंसकों का जुनून है, लेकिन अब आपको देखिए। एन्ना नानबा, सोल्ली अदिचोमला! आपने उन शब्दों को 70mm स्क्रीन से निकालकर इस धरती के इतिहास में दर्ज कर दिया है। आपने उस दमदार सिनेमाई ऊर्जा को एक वास्तविक क्रांति में बदल दिया है। यह दहाड़ सच्ची है, यह जीत ऐतिहासिक है, और भविष्य आपका है। आप पर गर्व है, मुख्यमंत्री साहब।”

पवन कल्याण ने किया पोस्ट

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने ट्विटर पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर टीवीके के प्रमुख विजय और सभी मंत्रियों को हार्दिक बधाई। मेरी कामना है कि नई सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करे, पारदर्शी और प्रगतिशील शासन सुनिश्चित करे और तमिलनाडु को विकास और समृद्धि की ओर ले जाए।”

यह भी पढ़ें: TVK की जीत के बीच फिर चर्चा में तृषा-विजय रिश्ता, टूटी शादी पर एक्ट्रेस का पुराना बयान वायरल