अभिनेता से राजनेता बने तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय की एक्टर के तौर पर आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ पिछले लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। दरअसल, हर बार इसकी रिलीज में सीबीएफसी सर्टिफिकेशन की वजह से देरी होती रही है। अब इसे लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। करीब छह महीने तक थिएटरों में रिलीज न हो पाने के बाद अब फिल्म की राह आसान होती दिख रही है।
सूत्रों ने स्क्रीन को कन्फर्म किया है कि सीबीएफसी ने विजय की फिल्म की समीक्षा पूरी कर ली है और सर्टिफिकेशन के लिए जरूरी बदलावों की लिस्ट प्रोडक्शन टीम को भेज दी है। अब इसके जुलाई के आखिर में रिलीज होने की सबसे ज्यादा संभावना है और फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: भारत में रिकॉर्ड तोड़ने के बाद जापान में रिलीज हो रही ‘धुरंधर’, क्या RRR को छोड़ेगी पीछे
अगले हफ्ते शुरू होगा डबिंग का काम
फिल्म की टीम से जुड़े एक सूत्र ने स्क्रीन को बताया, “सीबीएफसी ने टीम को एडिट और फाइल करने के लिए कुछ बदलाव करने को कहा है। अगले हफ्ते हम डबिंग शुरू करने की भी सोच रहे हैं। अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो फिल्म जुलाई के आखिर तक रिलीज हो जाएगी।”
बता दें कि KVN प्रोडक्शंस के बिजनेस हेड सुप्रिथ मोहन ने ‘स्क्रीन’ को इसकी टाइमलाइन कन्फर्म की है। उन्होंने कहा, “सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा है, और हम निश्चित रूप से जुलाई के आखिरी हफ्ते या अगस्त के पहले हफ्ते में इसे रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं।”
2026 की शुरुआत में होने वाली थी रिलीज
विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ पहले 9 जनवरी, 2026 को पोंगल के मौके पर रिलीज किया जाना था। विजय की स्टार पावर और फिल्म के राजनीतिक विषय के कारण इसे साल की सबसे चर्चित तमिल फिल्मों में गिना जा रहा था। फिर सीबीएफसी की जांच समिति ने 22 दिसंबर, 2025 को कुछ कट्स के साथ फिल्म को U/A सर्टिफिकेट देने की सिफारिश की थी।
इसके बाद प्रोडक्शन हाउस KVN ने जरूरी बदलाव कर 24 दिसंबर से पहले फिल्म दोबारा जमा भी कर दी थी। फिर 29 दिसंबर को क्षेत्रीय सीबीएफसी कार्यालय ने पुष्टि की कि फिल्म को सर्टिफिकेट मिल जाएगा। हालांकि, 5 जनवरी को मेकर्स को बताया गया कि सीबीएफसी चेयरपर्सन ने फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजने का फैसला किया है।
इसकी वजह एक शिकायत थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि फिल्म के कुछ दृश्य धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं और भारतीय सशस्त्र बलों को आपत्तिजनक तरीके से दिखाते हैं। इसके बाद अप्रैल 2026 में फिल्म को एक और बड़ा झटका लगा, जब सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान इसके कुछ हिस्से ऑनलाइन लीक हो गए। सोशल मीडिया पर फिल्म की क्लिप्स तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद तमिलनाडु साइबर क्राइम विंग ने जांच शुरू की और मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया।
‘जन नायकन’ के डायरेक्टर और कास्ट
‘जन नायकन’ का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है और इसे वेंकट के. नारायण ने KVN प्रोडक्शन के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं, जबकि जी.वी. प्रकाश कुमार ने संगीत दिया है। इसके अलावा गौतम वासुदेव मेनन, प्रिया भवानी शंकर, अजमल आमिर और योगी बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: कौन थे खाशाबा? जिनकी जिंदगी को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं नागराज पोपटराव मंजुले, फिल्म का टीजर रिलीज
