‘बावर्ची’, ‘खुद्दार’, ‘चितचोर’ और ‘वो 7 दिन’ समेत कई फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता राजू श्रेष्ठ को मास्टर राजू के नाम से भी जाना जाता है। अब हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया है और उस इंटरव्यू में एक्टर ने कई सेलेब्स को लेकर काफी सारे किस्से भी शेयर किए हैं। राजू ने साल 1972 में आई फिल्म ‘बावर्ची’ में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर राजेश खन्ना के साथ काम किया था। अब उन्होंने हाल ही में फिल्म के लीड स्टार्स खन्ना और जया बच्चन (तब जया भादुड़ी) के बीच हुई लड़ाई के बारे में बताया।
राजू ने बताया कि उन दोनों के बीच लड़ाई तब शुरू हुई जब खन्ना ने जया से अमिताभ बच्चन के बारे में कुछ कहा। उन्होंने राजेश खन्ना के स्टार वाले नखरों और अहंकार के कई किस्से भी शेयर किए। राजेश खन्ना, जिन्हें अक्सर भारत का पहला सुपरस्टार कहा जाता था, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में जबरदस्त सफलता हासिल की थी। चलिए जानते हैं कि मास्टर राजू ने क्या कहा।
जया बच्चन का राजेश खन्ना से हुआ था झगड़ा
सिद्धार्थ कन्नन से बात करते हुए मास्टर राजू ने कहा, “एक बहस हुई थी और शूटिंग रुक गई थी, मुझे बस इतना ही याद है, क्योंकि ‘बावर्ची’ बहुत पुरानी फिल्म है। वह लड़ाई अमिताभ बच्चन को लेकर थी। जया जी, अमित जी के साथ फ्रेंडली थीं और अमिताभ भी ऋषि दा के करीब थे और वह उनके साथ एक फिल्म कर रहे थे। राजेश खन्ना की अपनी समस्या थी।”
राजू ने आगे बताया कि राजेश खन्ना को यह बात पसंद नहीं थी कि उस समय अमिताभ बच्चन तेजी से पॉपुलर हो रहे थे और उनके ‘पहले सुपरस्टार’ के स्टेटस को चुनौती दे रहे थे। राजू ने कहा, “वह नहीं चाहते थे कि कोई उनकी जगह ले और अमिताभ बच्चन बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे थे। राजेश खन्ना ने जया जी से अमिताभ बच्चन के खिलाफ कुछ कहा और तभी दोनों में झगड़ा हुआ और शूटिंग रोक दी गई।”
बता दें कि साल 1973 में अमिताभ बच्चन की ‘जंजीर’ थिएटर में रिलीज होने के बाद माहौल राजेश खन्ना से बिग बी की तरफ बदलने लगा था। ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘नमक हराम’ जैसी फिल्मों के साथ अमिताभ ने राजेश को उस समय के सुपरस्टार के तौर पर रिप्लेस कर दिया।
