जावेद अख़्तर ने शेयर किया नेहरू की तारीफ वाला वाजपेयी का पुराना वीडियो तो ट्रोल्स याद दिलाने लगे सोनिया गांधी का बयान
जावेद अख्तर ने जो वीडियो शेयर किया था, उसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भाषण देते दिखाई दे रहे हैं।

Javed Akhtar: बॉलीवुड गीतकार जावेद अख्तर सोशल मीडिया पर अपनी राय बेबाकी से रखने के लिए जाने जाते हैं। इसकी वजह से कई बार उन्हें आलोचना और ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता है। ताजा मामला पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के एक पुराने वीडियो से जुड़ा है। इस वीडियो को पहले इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने शेयर किया था। बाद में जावेद अख्तर ने भी इसको रिट्वीट किया। इसके बाद वे ट्रोल्स के निशाने पर आ गए।
जावेद अख्तर ने जो वीडियो शेयर किया था, उसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भाषण देते दिखाई दे रहे हैं। संसद में बोलते हुए वे पं. जवाहर लाल नेहरू से जुड़ा एक किस्सा शेयर करते हुए वे कहते हैं कि कैसे पंडित नेहरू अपनी आलोचना को भी सकारात्मक रूप में लेते थे। यही नहीं, बल्कि इसके लिए वे उन्हें शाबाशी भी देते थे। वीडियो में अटल बिहारी वाजपेयी कहते हैं – ‘कांग्रेस के मित्र शायद भरोसा नहीं करेंगे, साउथ ब्लॉक में नेहरू जी का एक चित्र लगा रहता था। मैं आते जाते देखता था। नेहरू जी के साथ सदन में नोक झोंक भी हुआ करती थी, मैं तब नया था, पीछे बैठता था।
कभी कभी तो बोलने के लिए मुझे वॉकआउट करना पड़ता था। लेकिन धीरे धीरे मैंने जगह बनाई औऱ मैं आगे बढ़ा।’ अटल बिहारी वाजपेयी वीडियो में आगे कहते दिखाई देते हैं- ‘एक दिन जब मैं विदेश मंत्री बन गया तो मैंने देखा कि वह नेहरू जी का चित्र उस जगह नहीं है, मैंने पूछा कि वह चित्र कहां गया? कोई उत्तर नहीं दिया गया। वह चित्र फिर से वहां लगा दिया गया। क्या इस भावना की कद्र है? ऐसा नहीं है कि नेहरू जी से मतभेद नहीं थे।’
वे आगे कहते हैं- ‘चर्चा में मतभेद गंभीर रूप में सामने उभर कर आते थे। मैंने एक बार पंडित जी से कह दिया था कि आपका मिला जुला व्यक्तित्व है। लेकिन वह नाराज नहीं हुए। शाम को उनकी मेरी फिर मुलाकात हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि आज भाषण तो जोरदार दिया औऱ हंसते हुए चले गए। आज कल तो ऐसी आलोचना करना दुश्मनी को दावत देना है।’
जावेद अख्तर द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर तमाम लोगों ने रिएक्शन दिया और उन्हें ही घेर लिया। कई यूजर्स ने जावेद अख्तर को सोनिया गांधी की वाजपेयी पर की गई पुरानी टिप्पणी याद दिलाते हुए खरी-खोटी सुनाई। एक यूजर ने जावेद अख्तर पर भड़कते हुए सोनिया गांधी का पुराना स्टेटमेंट शेयर किया और लिखा, ‘सोनिया गांधी ने वाजपेयी जी के लिए कहा था – ‘अटल जी जब भी अपना मानसिक आपा खोते हैं तो ऐसा ही बोलते हैं औऱ ऐसे ही स्टेटमेंट देते हैं। आपके लिए ये सबूत है कि आपने अटल जी के साथ क्या किया।’
You guys want us to believe that you all revere Atal Ji?
Blast from the past: When Sonia Gandhi suggested that honourable Vajpayee Ji ‘lost his mental balance’ pic.twitter.com/4SnRN3Kv3a
— Vasudha (@WordsSlay) July 5, 2020
कई यूजर्स ने लिखा, जब अटल जी पीएम थे तब आप लोगों ने उनकी खूब आलोचना की थी औऱ आज आप जैसे लोग ही उनकी स्पीच को हाइलाइट कर रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, भविष्य में जब अमित शाह पीएम बनेंगे, तब आप जैसे लोग मोदी का भाषण शेयर करके ऐसा ही लिखेंगे। वहीं, कई यूजर जावेद अख्तर का समर्थन भी करते नजर आए। उन्होंने लिखा कि अब ऐसी राजनीति कहां। अब तो आलोचना को दुश्मनी के नजरिये से देखा जाता है। अटल जी के साथ ही वो जमाना खत्म हो गया।