दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान की सेहत को लेकर पिछले कुछ समय से फैंस काफी चिंतित थे। अब उनके लंबे समय के साथी और मशहूर लेखक जावेद अख्तर ने उनकी तबीयत को लेकर ताजा अपडेट दिया है। जावेद अख्तर ने बताया कि सलीम खान की हालत अब पहले से काफी बेहतर है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सलीम खान अब कुर्सी पर बैठकर बात भी कर रहे हैं।
दिल्ली में गुरुवार को एक बुक लॉन्च इवेंट में जावेद अख्तर ने कहा, “सलीम अब ठीक हैं। वह रिकवर कर रहे हैं। वह कुर्सी पर बैठकर बात कर रहे हैं, यानी उनकी हालत में काफी सुधार हुआ है।” इससे पहले आमिर खान ने भी सलीम खान की सेहत को लेकर मीडिया से बात की थी।
उन्होंने बताया था कि वह सलीम खान से मिलने अस्पताल गए थे, लेकिन उस समय वह आईसीयू में थे, इसलिए उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। आमिर ने कहा, “मैं सलीम साहब से मिलने गया था। हम सभी उनकी जल्द से जल्द रिकवरी के लिए दुआ कर रहे हैं। मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाया, लेकिन परिवार के साथ बैठा। अलवीरा जी ने बताया कि उनकी तबीयत हर दिन बेहतर हो रही है।”
वहीं डेज़ी शाह ने भी हाल ही में सलीम खान की सेहत पर अपडेट देते हुए कहा था कि वह अब पहले से काफी बेहतर हैं। उन्होंने कहा, “मैं सलीम सर से अस्पताल में नहीं मिल पाई, लेकिन मैं लगातार सलमान सर और उनके परिवार के संपर्क में हूं। सलीम सर अब ठीक हैं। उनकी सर्जरी सफल रही है और फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं।”
यह भी पढ़ें: सेहत निजी मामला है: लीलावती अस्पताल ने दिया सलीम खान का हेल्थ अपडेट तो खफा हुए सलमान खान
बता दें कि 17 फरवरी को सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था। डॉक्टरों ने उनका DSA (Digital Subtraction Angiography) नाम का एक मेडिकल प्रोसीजर भी किया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई। फिलहाल वे अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
यह भी पढ़ें: ‘एक देश नहीं, बल्कि घर है’, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दुबई लौटे विवेक ओबेरॉय, UAE सरकार को कहा शुक्रिया
सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे सफल राइटिंग जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने मिलकर ‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘शोले’, ‘डॉन’, ‘सीता और गीता’ और ‘काला पत्थर’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों की कहानी और स्क्रीनप्ले लिखा था, जिसने बॉलीवुड में नई पहचान बनाई।
