हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गीतकार और कवि जावेद अख्तर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह बॉलीवुड के साथ-साथ देश-विदेश से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय देते हुए नजर आते हैं। कई बार जावेद अख्तर अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में आ जाते हैं और अब हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ। दरअसल, राइटर की पहली पत्नी अभिनेत्री हनी ईरानी ने उन्हें लेकर एक इंटरव्यू में बात की है। हनी ने बताया है कि कैसे दोनों की शादी हुई और फिर किस तरह उनके रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगी और दोनों अलग हो गए।

ताश के पत्ते ने बनाई जोड़ी

विक्की लालवानी से बात करते हुए हनी ने राइटर के साथ अपनी पहली मुलाकात और शादी के बारे में बताया। हनी ने कहा, “मैं जावेद से पहली बार ‘सीता और गीता’ की शूटिंग के दौरान मिली थी। वह मुझे मेरे डायलॉग देने आए थे। मैंने उनके बारे में सबसे पहले जो चीज नोटिस की, वह उनका सेंस ऑफ ह्यूमर था। साथ ही,कोई भी उनसे किसी भी टॉपिक पर बात कर सकता था, उन्हें बहुत ज्यादा जानकारी थी। यह कुछ ऐसा था जो बहुत आकर्षक था।”

यह भी पढ़ें: कब तक ‘राधा’ मरती रहेगी, पुरुषों के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को जस्टिफाई करता बॉलीवुड

इसके आगे अपनी लव स्टोरी के बारे में बताते हुए अभिनेत्री ने कहा, “उन्होंने पहले प्रपोज किया। हम एक-दूसरे को पसंद करते थे और सेट के बाहर भी मिलते थे। एक बार वह ताश खेल रहे थे और हार रहे थे, लेकिन उन्होंने मुझसे एक पत्ता निकालने के लिए कहा। फिर जब मैंने वह पत्ता निकाला, तो वह जीत गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि तुम मेरे लिए बहुत लकी हो। चलो शादी कर लेते हैं। इस तरह उन्होंने प्रपोज किया और हमने शादी कर ली। यह 6-7 महीने की डेटिंग के बाद हुआ था।”

ऐसे आई रिश्तों में दूरियां

जावेद अख्तर के साथ उनकी शादी क्यों नहीं चली, इस बारे में बात करते हुए हनी ने कहा, “मुझे नहीं पता कि यह क्यों नहीं चली। सब कुछ बहुत तेजी से हो रहा था। उन्हें जो सफलता मिल रही थी, वह बहुत तेजी से मिल रही थी और सफलता के साथ चीजें बदल जाती हैं, आदमी भी बदल जाता है, यहां तक कि उसके आस-पास का माहौल भी।

मुझे लगता है कि शायद मैं उससे तालमेल नहीं बिठा पाई। उनकी शराब पीने की आदत एक बड़ी समस्या थी। फिर वह बहुत सारे लोगों से मिल रहे थे, शाम बाहर बिताते थे और ये चीजें बीच में बहुत बढ़ गई थीं। हम दोनों इतने समझदार थे कि यह समझ सकें कि यह काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कई बार शराब छोड़ने की कोशिश की थी।”

अपनी बात जारी रखते हुए अभिनेत्री ने आगे कहा, “हम दोनों ने अलग होने का फैसला किया, क्योंकि यह काम नहीं कर रहा था। इसलिए लड़ने और एक-दूसरे को तोड़ने के बजाय, हमने समझदारी से अलग होना तय किया। मैं भी बहुत छोटी और नासमझ थी, इसलिए मैं पूरी तरह से जावेद को दोष नहीं दे रही हूं। हम बहुत जल्दी इसमें पड़ गए। हमें इंतजार करना चाहिए था, शायद हम शादी नहीं करते।”

शबाना आजमी के साथ घुलने-मिलने में लगा समय

हनी ने माना कि अलग होने के बाद भी जावेद के साथ उनके रिश्ते अच्छे थे, लेकिन उनकी दूसरी पत्नी शबाना आजमी के साथ घुलने-मिलने में उन्हें थोड़ा समय लगा। अभिनेत्री ने कहा, “जावेद के साथ अलग होने के बाद 3-4 साल में चीजें बेहतर हो गईं, वह हमेशा बच्चों और मेरे लिए सपोर्ट थे। लेकिन शबाना के साथ मुझे थोड़ा समय लगा। हम दोनों ने अपनी पूरी कोशिश की और अब हम अच्छे दोस्त हैं। हम एक-दूसरे की बर्थडे पार्टियों में जाते हैं, हम साथ में ट्रैवल करते हैं।”

यह भी पढ़ें: The 50: ‘औरत है औरत की तरह रह’, गेम में सपना चौधरी से ये क्या बोल गए अदनान शेख, भड़कीं सिंगर बोलीं- ऐसा मारूंगी न…