करीब सात महीने की देरी के बाद तमिलनाडु के सीएम और अभिनेता विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को हाल ही में सेंसर सर्टिफिकेट मिला है और यह 24 जुलाई को रिलीज होगी। रिलीज से पहले यूके में फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है, जहां डिस्ट्रीब्यूटर्स का दावा है कि पहले ही घंटे में हजारों टिकट बिक गए।
फिल्म के यूके डिस्ट्रीब्यूटर Ahimsa Entertainment ने सोशल मीडिया पर बुकिंग शुरू होने की जानकारी देते हुए लिखा, “#जन नायकन- 24 जुलाई, सिने वर्ल्ड में टिकट बिक्री शुरू हो चुकी है और शो की संख्या बेहद ज्यादा है।”
फिल्म को सिनेमा से विजय की शानदार विदाई बताते हुए, डिस्ट्रीब्यूटर ने कहा, “आने वाले सालों में लोग पूछेंगे कि क्या आप उस समय वहां थे। सुनिश्चित करें कि आपका जवाब ‘हां’ हो। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उस शख्स को विदाई है जिसने हमें सब कुछ दिया। यूके, हमें आपको सिनेमाघरों में चाहिए। हमें आपका जोश चाहिए। इसे हर जगह शेयर करें और तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी विदाई बनाएं।”
बुकिंग शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही Ahimsa Entertainment ने दावा किया कि ‘जन नायकन’ के यूके में हजारों टिकट बिक चुके हैं। एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए डिस्ट्रीब्यूटर ने लिखा, “60 मिनट में यूके में हजारों टिकट बिक गए। इस एक नाम का क्रेज वाकई अविश्वसनीय है, जन नायकन।”
एक अन्य पोस्ट में डिस्ट्रीब्यूटर ने लिखा, “वही वादा, वही समर्पण, वही नतीजा। जन नायकन- यूके में हमारे थलापति, हमारे सीएम सर के लिए अब तक की सबसे बड़ी रिलीज।” डिस्ट्रीब्यूटर ने यह भी पुष्टि की कि यूके में फिल्म का बिना किसी कट वाला वर्जन 15 रेटिंग के साथ दिखाया जाएगा। पोस्ट में कहा गया, “सारा एक्शन, सारा मास एंटरटेनमेंट और थलापति का पूरा क्रेज, बिल्कुल वैसे ही जैसा इसे देखा जाना चाहिए था। आखिरी बार।”
जन नायकन के बारे में
‘जन नायकन’ पहले जनवरी में पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली थी। हालांकि, सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट नहीं मिलने के कारण फिल्म महीनों तक अटकी रही और तय समय पर रिलीज नहीं हो सकी।
इस फिल्म को खास इसलिए भी माना जा रहा है, क्योंकि इसे विजय की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले की आखिरी फिल्म बताया गया था। फिल्म की रिलीज में हुई देरी के दौरान विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव जीता और राज्य के मुख्यमंत्री बने।
आखिरकार CBFC ने कुछ बदलाव सुझाने के बाद फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दे दिया, जिसके बाद 24 जुलाई की रिलीज का रास्ता साफ हुआ। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी और KVN Productions द्वारा निर्मित इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: ‘मां क्या तू मेरे लिए रोती है?’ इस एक सवाल ने बना दी ‘नाल’ को यादगार फिल्म
