रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ का इंतजार दर्शकों को बेसब्री से है। इस पिक्चर का ट्रेलर कुछ दिन पहले ही रिलीज हुआ है। ट्रेलर में रजनीकांत का जबरदस्त अवतार देखने को मिला। हालांकि लाइमलाइट किसी और ने ही चुरा ली है।
‘जेलर 2’ के ट्रेलर में विद्या बालन, मिथुन और जैकी श्रॉफ जैसे सितारों की झलक मिली। मगर वो एक्ट्रेस अपेक्षा पोरवाल थीं, जिन्होंने फैंस को सरप्राइज दिया। अपेक्षा को ट्रेलर वीडियो में जबरदस्त एक्शन अवतार में देखा गया। ट्रेलर में नजर आने के बाद से अपेक्षा पोरवाल इंटरनेट पर छाई हुई हैं।
इस बात की खबर एक्ट्रेस को भी है। ऐसे में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार पोस्ट शेयर की हैं। अपेक्षा ने ‘जेलर 2’ से अपनी झलक को शेयर किया, जिसमें वो हाथ में बंदूक लिए और तलवार चलाती नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘ये वैसे तो हर तरफ छाया हुआ है, लेकिन क्या आपने मुझे जेलर 2 के ट्रेलर में देखा?’

यूजर्स इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अपेक्षा पोरवाल को खूब सराह रहे हैं। उन्हें बधाई मिल रही है। साथ ही यूजर्स का कहना है कि उन्हें एक्शन अवतार में देखना काफी बढ़िया रहा।
और पढ़ें: जब पहले ही टीवी शो से निकाल दिए गए थे शरद केलकर, हकलाने का उड़ा मजाक, आज हैं सुपरस्टार
कौन है अपेक्षा पोरवाल?
इंटरनेट सेंसेशन बन चुकीं अपेक्षा पोरवाल पेशे से एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने 2020 में ‘अनदेखी’ नाम की सीरीज से अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे का रुख किया। अपेक्षा ने मुंबई के जेफ गोल्डबर्ग स्टूडियो से मेथड एक्टिंग में ट्रेनिंग ली। 9 महीने के डिप्लोमा प्रोग्राम को पूरा करने के अलावा उन्होंने नीरज काबी और अतुल मोंगिया जैसे एक्टिंग टीचर्स से भी ट्रेनिंग ली।
अपेक्षा ने थिएटर में भी काम किया। उन्हें थिएटर प्रोडक्शन ‘डिरेंज्ड मैरिज’ और लुईजी पिरांडेलो (Luigi Pirandello) के ‘सिक्स कैरेक्टर्स इन सर्च ऑफ एन ऑथर’ पर बने नाटक में देखा जा चुका है। उन्होंने आनंद तिवारी की वेब सीरीज ‘इम्परफेक्ट’में भी काम किया।
थिएटर, टीवी और वेब शो में काम कर चुकीं अपेक्षा पोरवाल मिस डीवा 2017 की रनर-अप भी रह चुकी हैं। उन्होंने मिस इंडिया दिल्ली 2015 का खिताब जीता था। इससे पहले वो मिस टीन इंडिया इंटरनेशनल 2009 भी रहीं।
अपेक्षा ने किकबॉक्सिंग और ननचक्स समेत मार्शियल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली है। ‘जेलर 2’ के ट्रेलर में एक्ट्रेस को देखकर लगता है कि ये ट्रेनिंग उनके काम आ गई। इसके अलावा उन्होंने कत्थक भी सीखा हुआ है। मुंबई में पली-बढ़ीं अपेक्षा पोरवाल हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ मराठी भाषा भी जानती हैं।
उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में 15 अक्टूबर को रिलीज होगी।
