भारतीय सिनेमा के थलाइवा रजनीकांत बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी नई फिल्म ‘जेलर 2’, 15 अक्टूबर को देश के साथ-साथ दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। माना जा रहा है कि ये एक्शन थ्रिलर रजनीकांत की सबसे बड़ी हिट साबित होगी।

ऐसा हम नहीं बल्कि फिल्म से जुड़े आंकड़े कह रहे हैं। ‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग हाल ही में खुली थी। इसके साथ ही पिक्चर ने भारत में एडवांस बुकिंग से 57 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई भी कर ली। रिपोर्ट्स की मानें तो विदेशों में इसने ओपनिंग डे के लिए 25 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

जेलर 2 ने एडवांस बुकिंग में कमाए करोड़ों

पिछले हफ्ते ‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग खुली थी। बॉक्स ऑफिस पर इसके चलते पिक्चर को अच्छी शुरुआत मिली। सैकनिल्क के मुताबिक, अपने ओपनिंग डे यानी गुरुवार, 15 अक्टूबर के लिए पिक्चर ने 14.47 लाख टिकट बेच दिए हैं। ऐसे में इसने अभी से घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 30.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। यही साबित करता है कि पिक्चर का बज फैंस बीच तगड़ा है।

शुक्रवार, 16 अक्टूबर के लिए ‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग में 4.49 लाख टिकट बिके हैं। इसी के साथ फिल्म 7.88 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। शनिवार, 17 अक्टूबर के लिए इसके 4.34 लाख टिकट बिके हैं, जिससे 7.59 करोड़ रुपये की कमाई पक्की है।

चाहनेवालों ने ‘जेलर 2’ को अभी से ही अगले हफ्ते के लिए भी बुक कर ली है। सोमवार, 19 अक्टूबर के लिए अभी से 1.71 लाख टिकट बुक हो चुके हैं। इनकी कीमत 2.88 करोड़ रुपये है। फिलहाल मंगलवार, 20 अक्टूबर के लिए पिक्चर की एडवांस बुकिंग नहीं खुली है। लेकिन माना जा रहा है कि दशहरा होने की वजह से भारी मात्रा में दर्शक उस दिन फिल्म देखने पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें: कभी मजदूरी करने के लिए उड़ा था रजनीकांत का मजाक, स्टारडम संभालने में छूटे पसीने, आज हैं सिनेमा के थलाइवा

इन आंकड़ों को मिलाकर देखा जाए तो ‘जेलर 2’ की भारत में रिलीज से पहले ही 57.30 करोड़ रुपये की कमाई हो गई है। इसने 31,812 स्क्रीन्स पर 29.69 लाख टिकट बेच लिये हैं। इतना ही नहीं, फिल्म ने रिलीज से पहले रिकॉर्ड बनाना भी शुरू कर दिया है।

‘जेलर 2’ ने 30.90 करोड़ रुपये के अपने ओपनिंग डे कलेक्शन से रजनीकांत की ‘अन्नात्थे’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘अन्नात्थे’ ने 23.25 करोड़ रुपये का ओपनिंग कलेक्शन किया था। इसी के साथ ‘जेलर 2’ ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग के मामले में सबसे बड़ी कमाई करने वाली रजनीकांत की दूसरी पिक्चर बन गई है।

पहले नंबर पर डायरेक्टर लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ है, जिसने पिछले साल रिलीज के बाद 46.36 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी।

तमिलनाडु में फिल्म की धांसू बुकिंग

कमाई के मामले में रजनीकांत का शहर तमिलनाडु सबसे आगे है। यहां से ओपनिंग डे कलेक्शन में 10 करोड़ रुपये का योगदान हो रहा है। शहरभर में ‘जेलर 2’ के 3300 से ज्यादा शोज लगेंगे, जिसमें से 500 अभी से हाउसफुल हैं। तमिलनाडु की लगभग आधी एडवांस बुकिंग की सेल चेन्नई से हुई है। यहां 1000 शोज से लगभग 4.80 करोड़ रुपये की कमाई फिल्म ने कर ली है।

‘जेलर 2’ की ओपनिंग डे एडवांस बुकिंग तमिलनाडु में हुई किसी फिल्म की छठी सबसे बड़ी बुकिंग है। इससे पहले रजनीकांत की फिल्म ‘वेट्टैयन’ ने साल 2024 में अपनी रिलीज से पहले 12.63 करोड़ रुपये की बुकिंग की थी।

यह भी पढ़ें: जब तलाक के बाद मनोज तिवारी को हुआ प्यार, बेटी रीति ने दी थी दोबारा शादी करने की हिम्मत

विदेशों में भी दिखेगा जलवा

भारत के साथ-साथ ‘जेलर 2’ विदेशों में भी अच्छा बज बनाए हुए है। ओपनिंग डे के लिए विदेश में भी अभी से फिल्म ने 25 करोड़ रुपये की बड़ी कमाई दर्ज कर ली है। यूएस के नॉर्थ अमेरिका में इसकी सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एडवांस बुकिंग हुई है। यहीं रजनीकांत सबसे ज्यादा फेमस भी हैं।

घरेलू और विदेशी ओपनिंग डे एडवांस बुकिंग ने मिलकर 55 करोड़ रुपये की कमाई को पार कर लिया है। पिक्चर के बज को देखते हुए जाहिर है कि टिकट विंडो पर भी ये बढ़िया कमाई करेगी। जैसे में माना जा रहा है कि रिलीज के पहले दिन ‘जेलर 2’, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी।

अगर आप न जानते हों तो बता दें कि ‘जेलर 2’, साल 2023 में आई रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार की बनाई इस फिल्म ने दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। नई फिल्म में रजनीकांत के साथ रम्या कृष्णन, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन और एसजे सूर्या नजर आएंगे। पिक्चर में जैकी श्रॉफ, ऋतिक रोशन और मोहनलाल का कैमियो भी होगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘जेलर 2’ के हिंदी वर्जन को नुकसान झेलना पड़ेगा, क्योंकि मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर आईनॉक्स और सिनेपोलिस ने इसे चलाने से मना कर दिया है। इसकी वजह चार हफ्ते की ओटीटी रिलीज विंडो को लेकर हुई अनबन को बताया जा रहा है।