Jailer 2 Box Office Collection Day 14: राजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’दुनियाभर में कमाल का प्रदर्शन कर रही है। हालांकि फिल्म की कमाई में दूसरे बुधवार को गिरावट देखने को मिली। दूसरे वीकेंड पर शानदार कमाई करने के बाद फिल्म के कलेक्शन में सोमवार को 60 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। मंगलवार और बुधवार को भी कमाई में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। बावजूद इसके फिल्म ने महज 14 दिनों में दुनियाभर में 755 करोड़ का बिजनेस कर लिया।
फिल्म की कमाई में सबसे ज्यादा इसके तमिल वर्जन से हो रही है। भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 492.13 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 420.42 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने 14वें दिन 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 260.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 755.50 करोड़ रुपये हो गया है।
‘जेलर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर बनाए कई रिकॉर्ड
हाल के दिनों में कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने के बावजूद रजनीकांत की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। केरल में फिल्म ने एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने राज्य में अब तक 72.85 करोड़ रुपये की कमाई की है और इसके साथ ही यह केरल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नॉन मलयालम फिल्म बन गई है।
इसके अलावा ‘जेलर 2’ ने रजनीकांत की ही फिल्म 2.0 के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। साल 2018 में रिलीज हुई 2.0 लंबे समय से तमिल सिनेमा की दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल थी।
यह भी पढ़ें: Jailer 2 Movie Review: धुआंधार एक्शन–जबरदस्त ट्विस्ट से भरी है ‘जेलर 2’, रजनीकांत का सिनेमा करेगा दिल खुश
जेलर 2 का हर दिन का कलेक्शन
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने ओपनिंग डे पर भारत में 59.70 करोड़ का बिजनेस किया था। दूसरे दिन इसका कलेक्शन 37.10 करोड़ था। तीसरे दिन फिल्म ने 47.25 करोड़, चौथे दिन 55.85 करोड़, पांचवें दिन 42.35 करोड़ कमाये थे।
इसके बाद छठे दिन फिल्म का कलेक्शन 46.80 करोड़ रहा, सातवें दिन 28.15 करोड़ रहा और आठवें दिन इस फिल्म ने 17.15 करोड़ की कमाई की। इसके अलावा फिल्म ने गुरुवार को यानी आठवें दिन दुनियाभर में करीब 30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। 9वें दिन फिल्म ने 14.50 करोड़ का बिजनेस किया और 10वें दिन इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भारत में 24.15 करोड़ रहा। 11वें दिन फिल्म का कलेक्शन 25.70 करोड़ रहा, 12वें दि 9.45 करोड़ रहा और 13वें दिन फिल्म ने 7.50 करोड़ कमाये। 14वें दिन फिल्म ने 6.55 करोड़ कमाये।
