कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा मोड़ आया है। अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने हाल ही में दिल्ली की एक अदालत से कहा कि वह इस मामले में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं। अदालत ने उन्हें बताया कि इसके लिए उन्हें औपचारिक रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास आवेदन करना होगा।
अभिनेत्री ने शुक्रवार को सुकेश चंद्र शेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में सरकारी गवाह बनने की इच्छा जाहिर की। यह बात पटियाला हाउस कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान सामने आई, जहां मामला अभी विचाराधीन है।
अदालत ने उनकी इस इच्छा पर कहा कि उन्हें इसके लिए संबंधित जांच एजेंसी, यानी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास औपचारिक आवेदन देना होगा। एएनआई के मुताबिक, उनके वकील ने भी पुष्टि की कि तय कानूनी प्रक्रिया के तहत याचिका दाखिल करनी जरूरी है।
नियमों के अनुसार, पहले जांच एजेंसी उनका बयान दर्ज करेगी और फिर यह तय करेगी कि उन्हें अप्रूवर बनाने के लिए अदालत में आवेदन किया जाए या नहीं। गौरतलब है कि इससे कुछ महीने पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में जैकलीन के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने से इनकार कर दिया था।
यह भी पढ़ें: कंगना रनौत ने करण जौहर के साथ सुलझाए मतभेद- अब कोई दुश्मनी नहीं, मैं उन्हें बुरा इंसान नहीं मानती
जैकलीन और सुकेश चंद्रशेखर का कनेक्शन
सुकेश चंद्रशेखर और जैकलीन फर्नांडिस का नाम लंबे समय से एक दूसरे से जुड़ा है। 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस के सामने आने से पहले दोनों की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनमें दोनों एक दूसरे के काफी नजदीक नजर आए थे। इसके बाद जब सुकेश पर ठगी कर गैरकानूनी तरीके से पैसा कमाने का आरोप लगा तो उसमें जैकलीन पर भी कानून का शिकंजा कसता चला गया।
यह भी पढ़ें: हकीकत से पर्दे तक, आखिर क्यों बढ़ रहा है बायोपिक फिल्मों का चलन
ED के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन को महंगे गिफ्ट्स दिए, जो कथित तौर पर इसी अवैध पैसे से खरीदे गए थे। वहीं जैकलीन का कहना है कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके अपराधों की जानकारी नहीं थी और वे खुद को इस मामले में पीड़ित मानती हैं। फिलहाल इस केस में जांच जारी है और जैकलीन ने इसमें सरकारी गवाह बन अब गवाही देना चाहती हैं।
बता दें कि सुकेश इस फ्रॉड केस में 2017 से जेल में बंद है और तब से लेकर अब तक कई बार वो जैकलीन फर्नांडिस के लिए लव लेटर लिख चुका है। इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
