एक्टर-प्रोड्यूसर जैकी भगनानी और एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह लॉकडाउन के दौरान एक-दूसरे के करीब आए और साल 2024 में दोनों ने गोवा में शादी कर ली। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। जैकी ने कहा कि वे एक-दूसरे के साथ एक्सक्लूसिव हैं, लेकिन उनका रिश्ता एक तरह का सिचुएशनशिप जैसा है।
दोनों यूट्यूब चैनल जिंगाबाद से बातचीत में उनसे पूछा गया कि उन्होंने शादी का फैसला कैसे लिया। इस पर जैकी ने कहा, “हमने एक-दूसरे से कहा कि हम अब 20-21 साल के नहीं हैं। हमने जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं खुद एक खुश इंसान हूं और मुझे अपनी जिंदगी में किसी खालीपन को भरने के लिए किसी की जरूरत नहीं है। अगर मैं खुद खुश नहीं हूं, तो कोई भी मेरे जीवन में आए, मैं खुश नहीं रह पाऊंगा। और तुम भी अपनी जिंदगी में खुश हो। लेकिन साथ में हम और ज्यादा खुश हैं।”
इस पर रकुल ने कहा, “हम एक-दूसरे की जिंदगी में कोई खालीपन नहीं भर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि अगर तुम मुझे कहीं घुमाने नहीं ले गए तो मैं दुखी हो जाऊंगी। मैं खुद भी जा सकती हूं। जिंदगी में इससे ज्यादा जरूरी बातें हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘ये सिर्फ कुर्सी नहीं जिम्मेदारी है’, फैमिली मैन के बाद अब गवर्नर बनें मनोज बाजपेयी, जन्मदिन पर किया ऐलान
‘हम शादीशुदा हैं, लेकिन सिचुएशनशिप में भी हैं’
जब उनसे मॉडर्न रिलेशनशिप्स और सिचुएशनशिप के बारे में पूछा गया, तो जैकी ने कहा कि आजकल युवा लोग सिचुएशनशिप इसलिए चुनते हैं क्योंकि वे उम्मीदों और बंधनों के दबाव से बचना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि शादीशुदा होने के बावजूद वे अपने रिश्ते को सिचुएशनशिप जैसा मानते हैं।
उन्होंने कहा, “हम शादीशुदा हैं, लेकिन एक तरह से सिचुएशनशिप में हैं। हम एक-दूसरे के लिए एक्सक्लूसिव हैं, क्योंकि हम शादीशुदा हैं। लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि मैं उससे हर चीज खुलकर कह सकता हूं।”
एक्स-गर्लफ्रेंड का कॉल भी स्पीकर पर उठाते हैं जैकी
जैकी ने बताया कि अगर उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड का कॉल आता है और रकुल उनके पास बैठी होती हैं, तो वह कॉल स्पीकर पर ही उठाते हैं। “मेरी एक्स को अजीब लग सकता है, लेकिन रकुल को मेरे बारे में सब पता है। जब सब पता है, तो कुछ छिपाने की जरूरत नहीं है।” इस पर रकुल ने कहा, “हम बेस्ट फ्रेंड्स हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘शिव मुझे अपने साथ ले चलो’: 30 की उम्र में निधन के बाद वायरल हुई दिव्यांका सिरोही की आखिरी पोस्ट
जैकी ने आगे कहा कि जब वह कुछ नहीं छिपाते, तो उन्हें रिश्ते में घुटन महसूस नहीं होती। अगर वह दोस्तों के साथ समय बिताना चाहते हैं, तो रकुल उन्हें प्रोत्साहित करती हैं।
शादी के बाद बिल्कुल भी नहीं बदलीं रकुल
रकुलप्रीत ने कहा कि पारंपरिक शादी में अक्सर महिलाएं अपने पार्टनर के हिसाब से खुद को ढाल लेती हैं, लेकिन उनके रिश्ते में ऐसा नहीं है। “हम हर मायने में बराबर हैं। कई शादियों में पुरुष की पसंद के हिसाब से महिलाएं अपनी जिंदगी बदल लेती हैं, लेकिन हमारे साथ ऐसा नहीं है।”
उन्होंने कहा कि शादी के बाद रिश्तों में बदलाव तब आता है जब लोग उसे बोझ समझने लगते हैं, लेकिन उनके लिए साथ समय बिताना खुशी की बात है। अपोजिट अट्रैक्ट हमेशा सही नहीं होता। जैकी ने यह भी कहा कि फिल्मों में अक्सर दिखाया जाता है कि अपोजिट अट्रैक्ट, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा रिश्ता लंबे समय तक नहीं चलता। “अगर सोच, आदतें और पसंद-नापसंद नहीं मिलतीं, तो धीरे-धीरे दूरी बढ़ने लगती है और लोग एक-दूसरे से बातें छिपाने लगते हैं।”
बता दें कि जैकी और रकुल की पहली मुलाकात काम के सिलसिले में हुई थी, लेकिन लॉकडाउन के दौरान एक मुलाकात ने उनके रिश्ते को नया मोड़ दिया और वहीं से दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई।
