जैकी श्रॉफ ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया है और उनके सभी किरदार यादगार हैं। मगर साल 1995 में आई उनकी फिल्म ‘तेरी मेहरबानियां’ से दर्शकों का जुड़ाव अलग ही है। फिल्म में जैकी और उनके कुत्ते के बीच जो वफादारी और प्यार दिखाया गया है, वो दिल छू लेने वाला है। हाल ही में जैकी ने खुलासा किया उनकी फिल्म में जिस कुत्ते को लिया था उसे एक्टर्स से भी ज्यादा खास ट्रीटमेंट दिया जाता था।
हाल ही में The Great Indian Kapil Show में जैकी ने इस फिल्म से जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि फिल्म में दिखाए गए कुत्ते को शूटिंग के दौरान एसी कार और अलग से एसी कमरा दिया गया था।
इसके बाद कपिल शर्मा ने जैकी से उनकी फिल्म ‘दूध का कर्ज’ के उस सीन के बारे में पूछा, जिसमें हीरोइन को सांप काट लेता है और जैकी का किरदार उसके पैर से जहर चूसकर निकालता है। कपिल ने मजाक में कहा कि आज की पीढ़ी के कलाकारों को ऐसे सीन करने के लिए मनाना बेहद मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि आजकल के अभिनेता पहले कई सवाल पूछते हैं, “अगर मैं ऐसा करूं तो क्या होगा? कैसे करूंगा? जहर चूसने से मैं मर तो नहीं जाऊंगा?”
कपिल ने फिर जैकी से पूछा कि निर्देशक ने उन्हें वह सीन करने के लिए कैसे मनाया। इस पर जैकी ने हंसते हुए कहा, “जब मैं फिल्मों में आया था, तब मुझे ज्यादा कुछ पता नहीं था। तब भी ज्यादा नहीं समझता था और अब भी नहीं समझता। निर्देशक ने जो कहा, मैंने कर दिया। उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ते हुए कहा- ‘सांप तुम्हारा भाई है।’”
यह भी पढ़ें: हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा विलेन, फिल्म के लीड एक्टर से 1 रुपये ज्यादा लेता था फीस | रील गाथा
जैकी ने आगे बताया कि उस दौर में कलाकार एक साथ कई शिफ्ट्स में काम करते थे, इसलिए उनके पास स्क्रिप्ट को विस्तार से पढ़ने का समय नहीं होता था। “जब वे हमें कहानी सुनाने आते थे, तो कुछ ऐसी ही कहानियां होती थीं। स्क्रिप्ट पढ़ने का समय ही नहीं मिलता था। जैसे वह फिल्म जो मैंने कुत्ते के साथ की।”
जैसे ही दर्शकों ने तालियां बजाईं, यह साफ हो गया कि जैकी ‘तेरी मेहरबानियां’ का जिक्र कर रहे थे। इस फिल्म में जैकी का किरदार मर जाता है, लेकिन उसका कुत्ता उसके लिए बदला लेता है। उस समय यह कहानी काफी अलग और अनोखी मानी गई थी, क्योंकि फिल्म के अंत में कुत्ता ही असली हीरो बन जाता है।
यह भी पढ़ें: ‘मुगल-ए-आज़म’ की शूटिंग के दौरान दिलीप कुमार ने मधुबाला पर उठाया था हाथ, फिल्म के सेट पर मच गया था हड़कंप| रील गाथा
जैकी ने बताया कि कई लोगों ने उनसे पूछा था कि उन्होंने ऐसी फिल्म करने के लिए हां क्यों की, जिसमें अंत में कुत्ता हीरो बन जाता है। “लोगों ने मुझसे पूछा कि तुमने यह फिल्म क्यों की, क्योंकि आखिर में हीरो तो कुत्ता बन गया था।”
हालांकि, जैकी ने खुलासा किया कि कैमरे के पीछे भी उस कुत्ते को एक स्टार की तरह ट्रीट किया जाता था। “वह कुत्ता मेरा नहीं था। उसका नाम जेम्स था। हर टेक के बाद वह एसी कार में आराम करता था। पैकअप के बाद वह एसी होटल में जाता था। उसे मसाज दी जाती थी और बार-बार शैम्पू किया जाता था। उसे ठीक वैसे ही रखा जाता था, जैसे जानवरों को रखा जाना चाहिए।”
