सिंगर और रैपर बादशाह पिछले कुछ दिनों से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने हाल ही में एक महिला के साथ तस्वीरें शेयर की थी, लेकिन उसमें महिला का चेहरा नहीं दिखा। इसके बाद लोगों ने यह खोजना शुरू कर दिया कि आखिर ये कौन है। अब इसी बीच ईशा रिखी ने बादशाह के साथ अपनी शादी को कन्फर्म कर दिया है। बता दें कि इस साल मार्च में ईशा की मां पूनम रिखी ने अपने सोशल मीडिया पर दोनों की कुछ फोटोज शेयर की थी, जिसमें यह कपल शादी के जोड़े में नजर आ रहा था।
हालांकि, उस समय न तो बादशाह ने और न ही ईशा ने इन फोटो को शेयर किया। ऐसे में लोगों को लगा कि यह शूट हो सकता है या कुछ और, लेकिन अब खुद ईशा ने अपनी शादी को ऑफिशियल कर दिया है। साथ ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर बादशाह के साथ पहली तस्वीर भी शेयर की है।
ऑफिशियल हुई ईशा और बादशाह की शादी
दरअसल, ईशा रिखी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पर एक आस्क मी एनिथिंग सेशन का आयोजन किया। ऐसे में कई लोगों ने इस सेशन में ईशा से उनकी शादी और बादशाह को लेकर सवाल किए। एक शख्स ने लिखा, “मैम आपकी और बादशाह भाई की शादी हो गई है। फिर आप दोनों ने एक दूसरे को फॉलो क्यों नहीं किया।”
इसका जवाब देते हुए ईशा ने लिखा, “मुझे लगता है कि मेरे पास ऐसे बहुत सारे सवाल आ रहे हैं। हां, मेरी शादी हो चुकी है। अब सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवाल पर आते हैं। आप एक-दूसरे को फॉलो क्यों नहीं करते? सच कहूं तो, मुझे लगता है कि मेरे पति को इस बारे में सफाई देनी चाहिए। पतिदेव (बादशाह), दर्शकों के कुछ सवाल हैं। प्लीज, अपनी सुविधा के अनुसार उनका जवाब दें।”
ईशा ने शेयर की बादशाह के साथ तस्वीर
इसके बाद एक शख्स ने ईशा से सवाल किया कि आपने बादशाह के साथ कोई फोटो क्यों नहीं शेयर की। आप उनकी पत्नी हैं और फिर भी एक भी फोटो नहीं। इसके जवाब में ईशा ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह बादशाह की गोद में बैठी हुई नजर आईं और दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया हुआ है।
ईशा है बादशाह की दूसरी पत्नी
बता दें कि बादशाह की पहली शादी जैस्मीन मसीह से हुई थी। हालांकि, 2020 में वे अलग हो गए। इस एक्स कपल की एक बेटी है, जिसका नाम जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह है। अब उसकी परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं। बादशाह की पहली वाइफ और बेटी लंदन में रहती हैं।
यह भी पढ़ें: Guru Randhawa News: दिल्ली में जिम के बाहर सात राउंड फायरिंग, पंजाबी गायक गुरु रंधावा हैं ब्रांड एंबेसडर
