तेलुगु सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला शादी के बाद से हैदराबाद के उसी आलीशान घर में रह रहे हैं, जहां उन्होंने पति-पत्नी के रूप में पहली बार गृह प्रवेश किया था। हाल ही में दोनों जुड़वां बच्चों शिवराम और अनवीरा देवी के माता-पिता बने हैं। इससे पहले उनकी बेटी क्लिन कारा का जन्म हुआ था। यह स्टार कपल अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करता है, लेकिन पिछले साल उपासना ने अपने शानदार घर की झलक फैंस को दिखाई थी।
हरियाली से घिरा है आलीशान आशियाना
हैदराबाद के बीचोंबीच स्थित यह घर किसी लग्जरी रिसॉर्ट से कम नहीं लगता। घर के चारों ओर फैली घनी हरियाली और पेड़-पौधे शहर के शोर-शराबे का एहसास ही नहीं होने देते। मुख्य द्वार तक पहुंचने के लिए सुंदर पत्थरों से बना रास्ता और बड़ा गार्डन है। सफेद रंग की बाहरी दीवारें और बड़े-बड़े ग्लास विंडो इस घर को मॉडर्न लुक देते हैं। गार्डन में बैठने के लिए खास जगह बनाई गई है, जहां परिवार प्रकृति के बीच समय बिताता है।

ट्रेडिशनल और मॉडर्न डिजाइन का खूबसूरत मेल
घर के अंदर कदम रखते ही साउथ इंडियन विरासत और आधुनिक डिजाइन का शानदार संगम देखने को मिलता है। लिविंग रूम में बुने हुए सोफे, आरामदायक कुर्सियां और कई बैठने की जगहें हैं। बड़ी कांच की खिड़कियों से आने वाली प्राकृतिक रोशनी और ब्लैक-व्हाइट फ्लोरिंग पूरे कमरे को आकर्षक बनाती है।

घर में पुराने दौर की कलाकृतियां, एंटीक शोपीस और विंटेज लैंप सजाए गए हैं, जो इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। लकड़ी के पैनल, खुला वेंटिलेशन और पारंपरिक वास्तुकला इसे खास बनाते हैं। वहीं, डाइनिंग एरिया में बड़ा डाइनिंग टेबल और उसके ऊपर लगा झूमर पूरे माहौल को शाही अंदाज देता है।

2500 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के मालिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम चरण और उपासना की संयुक्त संपत्ति करीब 2,500 करोड़ रुपये है। दोनों के पास हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित इस बंगले के अलावा बेंगलुरु में एक घर और मुंबई में एक लग्जरी पेंटहाउस भी है।

उनके कार कलेक्शन में मर्सिडीज-मेबैक GLS 600, रोल्स-रॉयस फैंटम, रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी, एस्टन मार्टिन V8 वैंटेज और फेरारी पोर्टोफिनो जैसी कई महंगी लग्जरी कारें शामिल हैं।
अपोलो हॉस्पिटल्स परिवार की उत्तराधिकारी हैं उपासना
उपासना कोनिडेला अपोलो फाउंडेशन की वाइस चेयरपर्सन हैं। वह अपोलो हॉस्पिटल्स समूह के संस्थापक डॉ. प्रताप सी. रेड्डी की पोती हैं और समूह की सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी व्यक्तिगत नेटवर्थ 1,130 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है।
