टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी ने हाल ही में अपने नए घर की गृह प्रवेश की तस्वीरों को शेयर किया था। जिसके बाद एक्टर के इस शानदार फार्महाउस के चर्चे सोशल मीडिया पर बढ़ गए थे। अब एक्टर ने पिंकविला के साथ इंटरव्यू में अपने पूरे फार्महाउस का होम टूर दिया है। इस होम टूर में एक्टर ने इस घर को खरीदने के पीछे की वजह और उससे जुड़े इमोशन्स को भी शेयर किया और इस घर को अपना ड्रीम हाउस बताया।

अर्जुन बिजलानी के इस ड्रीम का हाउस का नाम तारा विला है। एक बड़ा सा गेट और शानदार एंट्री प्वाइंट से शुरू होता है अर्जुन बिजलानी का ड्रीम होम। उन्होंने बताया कि वह पहले इस घर का नाम तनुजा हाउस रखने वाले थे क्योंकि उनकी पत्नी नेहा की मां का नाम तनुजा है।

एक्टर ने बताया कि उनके मुंबई वाले घर का नाम उनकी मां शक्ति के नाम पर है। नेहा के पिता की मौत के बाद उन्होंने इस घर का नाम तारा रखा जो कि नेहा की मां और पिता के नामों के शुरुआती शब्दों से मिलकर बना है।

एंट्री गेट पर पंचमुखी हनुमान

इस पूरे घर को पूरी तरह सफेद रंग की थीम में डिजाइन किया है। एंट्री गेट पर एक बड़ा सा इविल आई और पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति रखी है ताकि कोई बुरी नजर घर के अंदर ना आए। बाहर से लेकर अंदर तक घर पूरा सफेद दिखाई देता है।

करीब 12 हजार स्क्वायर फीट में फैले इस आलीशान विला में बाहर से लेकर अंदर तक, हर जगह सफेद इसलिए रखी गई है क्योंकि इसे मेडिटेरेनियन और ग्रीक इंटिरियर के हिसाब से डिजाइन किया गया है। इस आलीशान विला की कीमत करीब 20 करोड़ बताई जाती है।

लग्जरी लिविंग रूम

लिविंग रूम में सब सफेद होने के कारण उन्होंने रंग भरने के लिए एक अनोखा सा कलरफुल कार्पेट सजाया है। बड़ा सा सोफा, झूमर, रेकलाइनर कुर्सियां इस लिविंग रूम के इंटिरियर को पूरा करता है। सफेद दीवारें, खूबसूरत पर्दे और टीवी से भी ये जगह काफी आकृषक लगती है। अर्जुन ने बताया कि लिविंग रूम को उन्होंने खुद डिजाइन किया है। ये घर पहले से बना हुआ था लेकिन घर के कई हिस्सों को एक्टर और उनकी पत्नी ने अपने हिसाब से सजाया है।

यह भी पढ़ें- बेहद आलीशान है रिया चक्रवर्ती का नया आशियाना, लंदन स्टाइल में बना है किचन: Photos

विला में एक अलग किचन भी बनाया गया है, जहां फ्रिज रखा हुआ है। हालांकि, इस किचन का ज्यादा इस्तेमाल नहीं होता। असली किचन घर के शुरूआती हिस्से में हैं जहां खाना बनता है। गृह प्रवेश के समय रखा गया कलश और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति घर को पारंपरिक अंदाज देते हैं। इन चीजों को मॉडर्न सजावट के साथ खूबसूरती से रखा गया है।

बेडरूम से दिखता पहाड़ों का नजारा

घर की बड़ी खिड़कियों से आसपास के पहाड़ों का सुंदर नजारा दिखाई देता है। इससे घर के अंदर बैठे-बैठे भी नेचर की खूबसूरती का मजा लिया जा सकता है। बेडरूम के साथ एक ड्रेसिंग रूम भी है। यहां से पहाड़ों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इसके अलावा, बेडरूम से जुड़ी एक बड़ी टैरेस भी है। इन खूबियों के कारण यह कमरा आराम करने और छुट्टियां बिताने के लिए एक शानदार जगह है।

दुबई या ग्रीस की फीलिंग देती टैरेस

विला की टैरेस को भी खास तरीके से सजाया गया है। यहां काले और सफेद रंग के डिजाइन वाली फर्श है, जिसके साथ गहरे नीले रंग के सोफे खूबसूरत लगते हैं। एक्टर ने बताया कि जब यहां कि सारी लाइटें बंद कर दी जाती है तो ये जगह बिल्कुल दुबई या ग्रीस की फीलिंग देती है।

यह भी पढ़ें- धर्मेंद्र की यादों से सजा है हेमा मालिनी का घर, डांस के लिए बना है शानदार स्पेशल रूम, देखें तस्वीरें

रात में रोशनी से जगमगाता विला, स्विमिंग पूल, झूला और हरा-भरा गार्डन किसी शानदार रिसॉर्ट जैसा लगता है। इसके साथ में उनके टैरेस पर एक जकूजी भी रखा गया है। एक्टर ने बताया कि उस जकूजी को छत पर लगाने के लिए उन्हें काफी परेशानी हुई लेकिन उनका मन था कि यह जकूजी छत पर ही हो।

किचन गार्डन भी शामिल

इस विला में इतनी लग्जरी के अलावा एक किचन गार्डन भी है। यहां उन्होने फल और सब्जियां लगाई हैं। अर्जुन ने बताया कि शुरुआत में उनकी प्लानिंग सिर्फ एक प्लॉट खरीदने की थी, लेकिन बाद में उन्होंने दो प्लॉट खरीदने का फैसला किया।

आज एक प्लॉट पर उनका खूबसूरत विला बना है, जबकि दूसरे प्लॉट पर बड़ा-सा लॉन तैयार किया गया है। इस लॉन में 150 से ज्यादा लोग एक साथ इकट्ठा हो सकते हैं। यहां परिवार के कार्यक्रमों से लेकर बड़ी पार्टियों तक का आयोजन आसानी से किया जा सकता है।