कॉमेडियन समय रैना अपने चर्चित रोस्ट शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन को लेकर इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। इस बार मेकर्स भी यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि शो पहले सीजन जैसी किसी नई विवादित स्थिति का शिकार न बने। मगर पहले सीजन के एक क्लिप के कारण वो विवादों में आ गए हैं।

पिछले साल पहले सीजन में गेस्ट पैनलिस्ट और यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के एक आपत्तिजनक मजाक के बाद शो विवादों में घिर गया था। इसके चलते शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए थे और समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर भी दर्ज हुई थीं।

हालांकि, समय रैना ने इस साल अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ के जरिए दमदार वापसी की। अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के साथ वह फिर दर्शकों के बीच लौट आए हैं। नया सीजन नेटफ्लिक्स पर और समय रैना के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: क्या किसिंग सीन के दौरान कंगना रनौत ने काट लिए थे वीर दास के होंठ, अब अभिनेता ने खुद बताई सच्चाई

हाल ही में ‘इंडियाज गॉट लेंटेंट’ के पहले सीजन (2024) का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो गया है। ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद के बाद सामने आए इस क्लिप को लेकर इंटरनेट पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और दोनों की तुलना भी की जा रही है।

वायरल वीडियो में शो के एक एपिसोड में समय रैना एक कंटेस्टेंट से पूछते हैं कि उसकी गर्लफ्रेंड रोते हुए अचानक सेट छोड़कर क्यों चली गई। जब समय बार-बार इसकी वजह जानने की कोशिश करते हैं, तो कंटेस्टेंट जवाब देता है कि उसके पिता को माइनर हार्ट अटैक आया था।

यह सुनकर समय रैना हैरान रह जाते हैं और कंटेस्टेंट से पूछते हैं कि जब उसकी गर्लफ्रेंड इतनी मुश्किल स्थिति में है, तो वह अभी भी सेट पर बैठा क्यों है? वह उसके पीछे जाकर यह क्यों नहीं देख रहा कि वह ठीक है या नहीं।

जब कंटेस्टेंट फिर भी आराम से बैठा रहता है, तो समय रैना एक विवादित टिप्पणी करते हैं। उन्होंने कहा, “भाई, कंधा देगा तभी …, ऐसे नहीं…।” इस टिप्पणी को कई लोगों ने महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और सेक्सिस्ट बताया। शो में मौजूद दर्शकों ने इस मजाक पर तालियां बजाईं और समय रैना के साथ बैठे अन्य पुरुष पैनलिस्ट भी जोर-जोर से हंसने लगे।

शिवसेनाकी पूर्व सांसद और उपनेता प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने एक्स अकाउंट पर यह वायरल क्लिप दोबारा शेयर की। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह वीडियो हाल ही में शुरू हुए ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का है। क्लिप शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,”कोई सबक नहीं सीखा गया। अब इस तरह की महिलाओं के प्रति अपमानजनक और हास्य के नाम पर परोसी जा रही घटिया सामग्री को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब का भी समर्थन मिल रहा है। अब बस उनके जेन जी फैंस का मेरी मेंशन में आकर बहस शुरू करने का इंतजार है।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी आजादी…’, क्या दोबारा प्यार में पड़ेंगी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से तलाक की घोषणा के बाद एक्ट्रेस ने कही ये बात

बाद में पता चला कि यह वीडियो सीजन 2 का नहीं, बल्कि 2024 में आए पहले सीजन का पुराना क्लिप था, जो हाल ही में फिर से वायरल हुआ है।

‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद से हो रही तुलना

समय रैना के पहले सीजन का यह पुराना विवादित मजाक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तुलना हाल ही में हुए ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद से की जा रही है। कई यूजर्स का कहना है कि दोनों मामलों में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियां विवाद का कारण बनीं।

पिछले महीने गुरुग्राम में कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक स्टैंड-अप शो का वीडियो वायरल हुआ था। इस दौरान उनकी ऑडियंस में मौजूद हिमांशु जांगड़ा नाम के शख्स से हुई बातचीत ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। विवाद के बारे में अधिक पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…