बॉलीवुड में इन दिनों ‘अल्फा मेल’ इमेज वाले को लेकर बहस तेज हो गई है। ‘एनिमल’, ‘कबीर सिंह’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों के बाद ऐसे किरदारों पर चर्चा ज्यादा होने लगी है। हालांकि, कुछ दर्शकों का मानना है कि रणवीर सिंह की फिल्म इस ट्रेंड से थोड़ी अलग है, लेकिन कई एक्टर्स अब इस तरह की फिल्मों में नजर आने के बाद फैंस के बीच और भी लोकप्रिय हो गए हैं।

अब इस मुद्दे पर इमरान खान ने भी अपनी राय रखी। उनका कहना है कि बॉलीवुड में इस तरह के किरदारों की भरमार हो चुकी है और अगर ऐसी फिल्में लगातार सफल होती रहीं, तो ये ट्रेंड और ज्यादा बढ़ेगा।

रेडिट पर एक आस्क मी एनिथिंग (Ask Me Anything) सेशन के दौरान एक फैन ने उनसे कहा कि वह अपनी वापसी के बाद ऐसे ओवर-माचो रोल्स से दूर रहें। इस पर इमरान ने चुटकी लेते हुए जवाब दिया कि उन्हें ऐसे किरदार निभाने में कोई दिलचस्पी नहीं है, जहां किरदार सिर्फ गुस्से, हिंसा और खून-खराबे तक सीमित हो। उनके मुताबिक, इस तरह का कंटेंट पहले से ही काफी बन रहा है।

एक यूजर के सवाल के जवाब में इमरान ने ये भी कहा कि फिल्मों ही नहीं, बल्कि समाज में भी जिस तरह से महिलाओं के प्रति गलत सोच और टॉक्सिक मर्दानगी को बढ़ावा मिल रहा है, वह उन्हें परेशान करता है। इमरान के मुताबिक कई पुरुष इन मुद्दों पर बात करने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि कहीं उन्हें ही दूसरों की गलतियों के लिए जिम्मेदार न ठहरा दिया जाए।

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ में पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए वायरल हुई थी रणवीर सिंह की तस्वीरें, डायरेक्टर आदित्य धर ने तोड़ी चुप्पी

इमरान ने फिल्मों में बढ़ती हिंसा, गुस्सा और महिलाओं के खिलाफ दिखाए जाने वाली हिंसा पर भी चिंता जताई। उनसे पूछा गय.जब उनसे पूछा गया कि एक अभिनेता के तौर पर वह इंडस्ट्री में आए इस नए ट्रेंड को कैसे देखते हैं, तो उन्होंने साफ तौर पर अपनी बात रखी।

इमरान ने कहा कि वह इंडस्ट्री में आए इस बदलाव को साफ तौर पर देख रहे हैं और इससे सहज नहीं हैं। उनके मुताबिक कुछ फिल्में ऐसे पुरुष किरदारों को दिखाती हैं जो अंदर से असुरक्षित होते हैं, लेकिन उनकी हिंसा को सही या जायज़ तरीके से पेश किया जाता है। इमरान का मानना है कि ऐसे किरदार अक्सर यह समझ नहीं पाते कि किसी महिला का ना कहना भी उसका अधिकार है। यही सोच धीरे-धीरे गलत मानसिकता को बढ़ावा देती है और रिश्तों में असंतुलन पैदा करती है।

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ समेत रणवीर सिंह की ये 9 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मचा चुकी हैं धमाल

इमरान खान ने अपने ब्रेक के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आ गया था जब उनकी “पब्लिक इमेज” ही उनकी पूरी पहचान बनती जा रही थी। वह खुद को उस छवि से अलग समझ नहीं पा रहे थे। इसलिए उन्होंने पीछे हटकर खुद को समझने का फैसला किया। अब उनका कहना है कि वह पहले से ज्यादा संतुलित और मानसिक रूप से बेहतर महसूस कर रहे हैं, और इस फैसले को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है।