बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान इन दिनों अपनी नागरिकता को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। अब अभिनेता इस आदेश को चुनौती देने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करने जा रहे हैं।

दरअसल इमरान अमेरिकी नागरिक हैं। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के मैडिसन, विस्कॉन्सिन में हुआ था। उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। हाल ही में वो भारत में चल रहे प्रदर्शन में डिटेन हुए और अब उन्हें देश छोड़ने के लिए नोटिस मिला है। मगर दिलचस्प बात यह है कि अभिनेता सालों पहले भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह इसके लिए आधिकारिक प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।

इमरान खान ने भारतीय पासपोर्ट को लेकर क्या कहा था?

इमरान खान ने साल 2011 में एक इंटरव्यू के दौरान भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की अपनी कोशिशों के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, “मैं भारतीय पासपोर्ट पाने की कोशिश कर रहा हूं। इसकी आधिकारिक प्रक्रिया चल रही है। मुझे उम्मीद है कि मुझे जल्द ही यह मिल जाएगा, क्योंकि कुछ बड़ी चीजें होने वाली हैं।”

वोट नहीं दे पाने पर जताई थी निराशा

इसके अलावा, साल 2013 में इमरान ने भारत में वोट नहीं दे पाने को लेकर भी अपनी निराशा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि वह लोगों को मतदान के लिए जागरूक करके अपना योगदान देने की कोशिश करते हैं।

इससे पहले जनवरी 2009 में ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में इमरान ने अपनी अमेरिकी नागरिकता के बारे में बात की थी। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद मतदान के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा था, “बहुत कम लोग जानते हैं कि मैं अमेरिकी नागरिक हूं। मैंने चार साल पहले बराक ओबामा के लिए वोट भी किया था।”

यह भी पढ़ें: Imran Khan News: देश छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट जाएंगे अभिनेता इमरान खान, CJP प्रोटेस्ट से शुरू हुआ विवाद

क्यों मिला देश छोड़ने का नोटिस?

इमरान खान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस दौरान पुलिस ने इमरान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था।

प्रदर्शन वाली जगह पर मीडिया से बात करते हुए इमरान ने कहा था, “मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं, एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जो इस शहर में रहता है। मैं यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता को क्यों सीमित किया जा रहा है और लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है।”

इसके बाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। उसी शिकायत पर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने इमरान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन में शामिल होकर उन्होंने विदेशी नागरिकों पर लागू नियमों का उल्लंघन किया है।

अमेरिका में हुआ था इमरान खान का जन्म

इमरान खान की मां नुजहत खान अभिनेता आमिर खान की बहन हैं, जबकि उनके पिता का नाम अनिल पाल है। इमरान के जन्म के समय उनके माता-पिता अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे। जब वह करीब दो साल के थे, तब उनके माता-पिता अलग हो गए। इसके बाद तीन साल की उम्र में इमरान अपनी मां के साथ मुंबई आ गए, जहां उनका बचपन बीता।