थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे विवादों के बाद ये फिल्म आखिरकार 23 जुलाई को रिलीज होने जा रही। इस फिल्म का असर अब दूसरी फिल्मों की रिलीज पर भी दिखाई देने लगा है। विजय की फिल्म से सीधी टक्कर दो तमिल फिल्मों ‘इम्मोर्टल’ और ‘द डार्क हेवन’ से होने वाली थी। मगर अब इन फिल्मों ने ‘जन नायकन’ के लिए रास्ता साफ कर दिया है।
‘इम्मोर्टल’ की टली रिलीज डेट
एक्टर और संगीतकार जीवी प्रकाश कुमार ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनकी सुपरनैचुरल हॉरर-थ्रिलर ‘इम्मोर्टल’ अब तय समय पर रिलीज नहीं होगी। पहले यह फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 4 सितंबर 2026 तय की गई है।
जीवी प्रकाश ने फिल्म का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि जब थलापति आते हैं तो उनके लिए रास्ता बनाना जरूरी हो जाता है, खासकर तब जब इसे उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा हो। उन्होंने ‘जन नायकन’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं और दर्शकों से सितंबर में ‘इम्मोर्टल’ को प्यार देने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Advance Booking: विजय की ‘जन नायकन’ का यूके में जबरदस्त क्रेज, 60 मिनट में हजारों टिकट हुए सेल
मरियाप्पन चिन्ना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जीवी प्रकाश कुमार के साथ कायादु लोहार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। डार्क फैंटेसी और हॉरर से भरपूर इस कहानी में एक ऐसे व्यक्ति की दास्तान दिखाई जाएगी, जिसका पीछा एक रहस्यमयी अलौकिक शक्ति करती है।
यह भी पढ़ें: भारत में 12 कट्स, UK में अनकट रिलीज होगी विजय की ‘जन नायकन’
‘द डार्क हेवन’ की रिलीज भी टली
विजय की फिल्म के चलते ‘द डार्क हेवन’ के निर्माताओं ने भी अपनी रिलीज टालने का फैसला लिया है। यह फिल्म भी पहले 17 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट का एलान बाद में किया जाएगा।

फिल्म की टीम ने बयान जारी कर कहा कि ‘जन नायकन’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और वे भी दुनिया भर के फैंस की तरह विजय की इस खास फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि फिल्म की रिलीज का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं और सभी की सुरक्षा का ध्यान रखें।
