साल 2026 आधा बीत चुका है। साल के पहले छह महीनों में बड़े ऐलान और मेगा फिल्मों का दबदबा रहा। रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’, सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ और अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ जैसी फिल्मों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। अब दर्शकों की निगाहें साल के दूसरे हिस्से पर टिकी हैं, जहां कई बड़े सितारों की बहुप्रतीक्षित फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं।

इसी बीच IMDb ने 2026 के दूसरे हाफ की मोस्ट अवेटेड इंडियन मूवीज की सूची जारी की है। इस सूची में रणबीर कपूर की ‘रामायण: पार्ट 1’ ने पहला स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग 1 जनवरी से 28 जून 2026 के बीच दुनिया भर में IMDb के 25 करोड़ से अधिक मासिक यूजर्स द्वारा सबसे ज्यादा देखे गए फिल्म पेजों के आधार पर तैयार की गई है।

रामायण

IMDb की मोस्ट-अवेटेड फिल्मों की सूची में पहले नंबर पर ‘रामायण: पार्ट 1’ है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। दो भागों में बनने वाली इस महागाथा में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, साई पल्लवी माता सीता और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। ये फिल्म 8 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इसका दूसरा पार्ट 2027 में आएगा।

    अल्फा

    दूसरे नंबर पर आलिया भट्ट की स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ है। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की अगली कड़ी है, जिसमें पहले ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में आ चुकी हैं। ये फिल्म 3 जुलाई को रिलीज हो रही है।

      टॉक्सिक

      तीसरे नंबर पर यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ है। कई बार टल चुकी इस पीरियड गैंगस्टर-एक्शन फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ये फिल्म 26 अगस्त को आने वाली है।

        यह भी पढ़ें: ’15 साल दुखी रहने से बेहतर 5 साल खुश रहना’, लिव-इन रिलेशनशिप पर जीनत अमान की राय

        किंग

        चौथे नंबर पर शाहरुख खान की एक्शन फिल्म ‘किंग’ है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म से सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगी। फिल्म में दीपिका पादुकोण, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, राघव जुयाल, अभय वर्मा और रानी मुखर्जी भी शामिल हैं। यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।

          धमाल 4

          पांचवें नंबर पर कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘धमाल 4’ है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख और ईशा गुप्ता जैसे कलाकार नजर आएंगे। ये फिल्म 7 सितंबर को रिलीज होगी।

            दृश्यम 3

            छठे नंबर पर अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ है। इस सीक्वल में विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अतीत से जुड़े मुश्किल हालात का सामना करता दिखाई देगा। फिल्म 2 अक्टूबर को आने वाली है।

              विश्वनाथ एंड सन्स

              सातवें नंबर पर सूर्या की तमिल फिल्म ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ है। कहानी एक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज की है, जिसने अपना पूरा जीवन उत्कृष्टता हासिल करने में लगा दिया। लेकिन बढ़ती उम्र, पारिवारिक जिम्मेदारियां और एक नया प्रेम उसके सपनों को नई चुनौती देते हैं। ये फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है।

                मिर्जापुर: द मूवी

                आठवें नंबर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने जगह बनाई है। लोकप्रिय वेब सीरीज अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल, अभिषेक बनर्जी और कुलभूषण खरबंदा सहित सीरीज की मूल स्टारकास्ट फिर से साथ नजर आएगी। ये फिल्म 4 सितंबर को रिलीज होगी।

                  हैवान

                  नौवें नंबर पर प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ है। इस फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद साथ नजर आएंगे। सैफ फिल्म में दृष्टिबाधित व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जिसने दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता पैदा कर दी है। 11 सितंबर को ये फिल्म रिलीज हो रही है।

                    यह भी पढ़ें: ‘फिजिकल रिलेशन मर्जी से बनते हैं’, शादी में चीटिंग पर बोले राम कपूर तो आकांक्षा चमोला ने जताई आपत्ति

                    ईठा

                    IMDb की मोस्ट-अवेटेड फिल्मों की टॉप 10 सूची में आखिरी नंबर श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ ने हासिल किया है। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली, जिससे इसकी चर्चा और बढ़ गई। फिल्म का निर्देशन ‘छावा’ फेम लक्ष्मण उतेकर ने किया है। ये फिल्म 28 अगस्त को रिलीज हो रही है। फिल्म जिस विठाबाई पर आधारित है, उनके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

                      टॉप 20 में इन फिल्मों ने भी बनाई जगह

                      टॉप 10 के अलावा IMDb की टॉप 20 सूची में इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’, सनी देओल और अक्षय खन्ना की कोर्टरूम ड्रामा ‘इक्का’, तमिल फिल्म ‘अरासन’, मलयालम फिल्में ‘खलीफा’ और ‘आई एम गेम’, तेलुगु फिल्म ‘रणबाली’, अनीत पड्डा स्टारर ‘शक्ति शालिनी’, तमिल फिल्में ‘इधायम मुरली’ और ‘सिग्मा’, तथा सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भी शामिल हैं।