नेटफ्लिक्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना 27 साल बाद एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। ट्रेलर में कोर्टरूम ड्रामा, इमोशनल मोमेंट्स और सस्पेंस का शानदार मेल देखने को मिलता है। यह फिल्म 10 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

ट्रेलर की शुरुआत मशहूर वकील अर्जुन मेहरा यानी सनी देओल से होती है, जो अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी शौर्यमान गौर यानी अक्षय खन्ना का केस लड़ने के लिए तैयार हो जाते हैं। शौर्यमान पर एक युवती की हत्या का आरोप है। कोर्ट के बाहर दोनों के बीच ‘एक जान के बदले एक जान’ की चौंकाने वाली डील होती है। वहीं, अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम पीड़िता की ओर से इंसाफ की लड़ाई लड़ती नजर आती हैं।

ट्रेलर में सनी देओल का दमदार डायलॉग, “हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं,” सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है। जैसे-जैसे मुकदमा आगे बढ़ता है, कहानी कई अप्रत्याशित मोड़ लेती है, जो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा देते हैं।

ट्रेलर शेयर करते हुए नेटफ्लिक्स ने लिखा, “एक उलझा हुआ केस, एक ताकतवर दुश्मन… जल्द ही एक्शन में नजर आएगा इक्का।”

फिल्म को लेकर निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने कहा कि यह कहानी शुरू से ही उनके दिल के करीब रही है। उन्होंने बताया कि इसकी कहानी लेखिका अल्थिया कौशल लेकर आई थीं और उन्हें लगा कि इसमें भावनात्मक रूप से जटिल किरदारों को दमदार तरीके से पेश करने की अपार संभावनाएं हैं।

यह भी पढ़ें: ‘यह फिल्म अब कभी नहीं बनेगी’, कानूनी विवादों के बीच प्रियदर्शन ने ‘हेरा फेरी 3’ से किया किनारा

सनी देओल और अक्षय खन्ना की कास्टिंग पर बात करते हुए सिद्धार्थ ने बताया कि वह ‘दामिनी’ के बाद सनी देओल को फिर से वकील के किरदार में देखना चाहते थे। वहीं, शौर्यमान गौर के रोल के लिए उनके दिमाग में सिर्फ अक्षय खन्ना का नाम था। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट सुनने के महज दो घंटे के भीतर अक्षय ने फिल्म के लिए हामी भर दी थी।

यह भी पढ़ें: ‘बिल्कुल सही कहा सर…’, वी. अनंत नागेश्वरन की प्लम्बर-कारपेंटर वाली सलाह पर शेखर सुमन का तंज

गौरतलब है कि सनी देओल और अक्षय खन्ना 27 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों ने फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ काम किया था। फिल्म में तिलोत्तमा शोम, दिया मिर्जा, शिशिर शर्मा, आकांक्षा रंजन कपूर और संजीदा शेख भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘इक्का’ का निर्माण एल्केमी फिल्म्स ने किया है।