बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान इन दिनों रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ रहे हैं। हाल ही में शो के एक एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। सोहेल ने बताया कि वह अपने बड़े बेटे निर्वान खान का नाम ‘राम खान’ रखना चाहते थे, लेकिन बेटे के जन्म के बाद परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उनका फैसला बदल गया।

शो के दौरान अभिनेता अली गोनी ने सोहेल और उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह के बेटों की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों बहुत अच्छे संस्कार वाले हैं और निर्वान बिल्कुल अपने पिता की तरह दिखते हैं। इस पर सोहेल ने बेटे के नाम के पीछे की कहानी सुनाई।

उन्होंने कहा, “जब सीमा निर्वान को जन्म देने वाली थीं, तब हमने मजाक-मजाक में तय किया था कि अगर बेटा हुआ तो उसका नाम मैं रखूंगा और अगर बेटी हुई तो नाम सीमा चुनेगी। मैं अपने बेटे का नाम ‘राम खान’ रखना चाहता था। हम इस मामले में काफी सेक्युलर सोच रखते हैं।”

हालांकि, बेटे के जन्म के बाद सब कुछ बदल गया। सोहेल ने बताया कि जब सीमा को होश आया तो डॉक्टर ने उन्हें बताया कि बेटा हुआ है। इसके बाद वह कमरे में पहुंचे तो सीमा ने हल्की बेहोशी की हालत में सबसे पहले पूछा, “निर्वान कैसा है?” सोहेल के मुताबिक, सीमा के मुंह से यह नाम सुनते ही उन्हें लगा कि अब इसे बदलना सही नहीं होगा और यहीं से बेटे का नाम निर्वान तय हो गया। सोहेल ने यह भी कहा कि अपने नाम की तरह ही निर्वान का स्वभाव भी बेहद शांत है।

यह भी पढ़ें: ‘वह अपनी पहली शादी में खुश नहीं थीं, राम कपूर ने पत्नी गौतमी के साथ अपनी लव स्टोरी को लेकर की बात, बोले- उसका परिवार…

सीमा सजदेह से 24 साल बाद हुआ तलाक

सोहेल खान और सीमा सजदेह ने 1998 में परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं निर्वान और योहान। करीब 24 साल साथ रहने के बाद साल 2022 में दोनों का तलाक हो गया। हालांकि, आज भी दोनों अपने बच्चों की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं। हाल ही में सोहेल ने बताया था कि उनके दोनों बेटे उनके साथ रहते हैं, जबकि सीमा हफ्ते में तीन दिन उनसे मिलने घर आती हैं।

यह भी पढ़ें: दिल छू जाएगा ‘मुसाफिर कैफे’ का ट्रेलर, सुधा और चंदर की अधूरी मोहब्बत इस दिन OTT पर होगी रिलीज

बॉलीवुड में आना चाहते हैं निर्वान

सोहेल खान पहले भी बता चुके हैं कि उनका बेटा निर्वान फिल्मों में अभिनेता बनना चाहता है। उनका मानना है कि नए कलाकारों को बड़े अभिनेताओं के साथ रहकर अभिनय की बारीकियां सीखनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि वह चाहते हैं कि निर्वान अजय देवगन, अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी, शाहिद कपूर और नाना पाटेकर जैसे कलाकारों के साथ समय बिताकर उनसे अभिनय सीखे।