गोविंदा इस वक्त अपनी पर्सनल लाइफ और खुद पर लगे आरोपों का जवाब देने को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में उन सभी इल्जामों के बारे में बात की, जो उनकी पत्नी सुनीता अहूजा ने उन पर लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने खुद के साथ हुई एक परेशान कर देने वाली घटना के बारे में भी खुलकर बात की, जब देर रात 20 से ज्यादा लोग उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे और गोविंदा ने उनपर अपनी बंदूक तान दी थी।
एएनआई को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा, “पहले तो मुझे लगा कि वे किसी पार्टी में आए हैं, लेकिन वे पार्टी करने वाले लोग नहीं लग रहे थे। इसलिए मैंने उनका वीडियो बना लिया।” इसके बाद गोविंदा ने बताया कि उन्हें उन लोगों पर शक हो गया और उन्होंने लोकल पुलिस से मदद मांगनी चाही, मगर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें दूसरे देश की पुलिस का सहारा लिया।
गोविंदा ने बताया कि पहले सब सामान्य सा ही लग रहा था, लेकिन हालात तब और बिगड़े जब उनमें से एक आदमी छत पर चढ़ गया। ये देखकर गोविंदा ने सबसे पहले अपने करीबी लोगों को सतर्क किया और फिर अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली। गोविंदा ने उनसे पूछा कि वो लोग कौन हैं? शुरू में किसी ने जवाब नहीं दिया। बाद में एक शख्स ने कहा कि वो बिजली ठीक करने वाले हैं। मगर गोविंदा का शक बना रहा और उन्होंने देखा कि बाकी लोग भी ऊपर आने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद गोविंदा ने बंदूक का इस्तेमाल किया। अभिनेता ने कहा, “इसलिए मैंने बंदूक तान दी और उन्हें जाने को कहा। उन्हें इसकी उम्मीद नहीं थी।”
यह भी पढ़ें: ‘अगर मुझे टकरा गए ना तो सबके सामने…’, गोविंदा ने अपने नाम पर बनी फिल्म को लेकर करण जौहर के खिलाफ जताई नाराजगी
घटना को याद करते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्होंने घुसपैठियों की पहचान करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा, “यह समय की बर्बादी है। लोग इन सब बातों में अपनी ऊर्जा बर्बाद करते हैं। एक अच्छा अभिनेता इस तरह काम नहीं कर सकता। वे या तो अभिनय कर सकते हैं या प्रतिक्रिया दे सकते हैं। एक अभिनेता का काम अभिनय करना है। अगर कोई अभिनेता समाज में हर किसी की कही हर बात पर प्रतिक्रिया देने लगे, तो यह अच्छा नहीं लगता। हां, अगर आप बहुत देर तक चुप रहते हैं, तो उस चुप्पी को संदेह के रूप में देखा जा सकता है। वह भी ठीक नहीं है।”
यह भी पढ़ें: कभी यारों के यार राजपाल यादव ने की थी दोस्तों की मदद, आज कर्ज ना चुका पाने पर जेल में करना पड़ा सरेंडर
बता दें कि कुछ दिन पहले गोविंदा के मैनेजर ने एएनआई से बात करते हुए कहा था,”उन्हें लगातार धमकियों भरे फोन आ रहे हैं। शुक्र है कि जिस दिन उन पर हमला हुआ, उस दिन उनके पास बंदूक थी। उन्होंने सबको भगा दिया। वरना भगवान जाने उनका क्या हाल होता। मैं सुबह 4 बजे उनके पास पहुंचा। हमने एफआईआर भी दर्ज कराई है। हमारे पास उस रात की घटना का वीडियो भी है।”
इससे पहले, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने घटना के बारे में मीडिया से बात की थी, लेकिन उन्होंने घटना की तारीख नहीं बताई थी। उन्होंने कहा, “भगवान का शुक्र है कि जिस दिन उन पर हमला हुआ, उस दिन उनके पास बंदूक थी। उन्होंने सबको भगा दिया। वरना, भगवान जाने उनका क्या हाल होता। हमने एफआईआर भी दर्ज कराई है और उस रात की घटना का वीडियो भी हमारे पास है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
