पिछले ही हफ्ते, स्टैंड-अप कॉमेडियन ज़ाकिर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने ऐलान किया कि वो कॉमेडी से ब्रेक ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपनी सेहत और तंदुरुस्ती पर ध्यान देने के लिए उन्होंने ऐसा कदम उठाया है। यह खबर इंटरनेट पर तेजी से फैल गई और इससे उनके फैंस को खासा फर्क पड़ा है। हालांकि ये एकदम से नहीं हुआ, ज़ाकिर ने इस फैसले का संकेत काफी पहले ही दे दिया था।

पिछले साल सितंबर में गल्फ न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने ब्रेक के पीछे के कारणों के बारे में विस्तार से बताया और अपनी लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में भी बात की, जिनमें से कुछ आनुवंशिक हैं।

ज़ाकिर ने कहा, “मुझे अपनी सेहत का ख्याल रखना होगा। मेरे परिवार में कुछ आनुवंशिक बीमारियां हैं जो एक निश्चित उम्र के बाद उभरने लगती हैं। इसके अलावा, मैंने खुद भी अपने शरीर को नुकसान पहुंचाया है, सिर्फ दो घंटे सोकर हजारों लोगों से मिलने निकल जाता हूं। क्योंकि जैसे ही आप किसी शहर में पहुंचते हैं, आप तुरंत लोगों से मिलना शुरू कर देते हैं। उन्होंने आगे बताया कि अपने परिवार में इतनी बड़ी सफलता पाने वाली पहली पीढ़ी होने के नाते, अब उन्हें न सिर्फ खुद के प्रति, बल्कि अपने परिवार की आने वाली पीढ़ियों के प्रति भी जिम्मेदारी महसूस होती है कि वे उनके लिए कुछ रास्ते बनाएं। ज़ाकिर ने स्वीकार किया कि इसी जिम्मेदारी की भावना ने उन्हें लगभग एक दशक तक काम को हर चीज से ऊपर रखने के लिए प्रेरित किया, जिसका असर अब उनके शरीर पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘लंबे ब्रेक पर जा रहा हूं’, जाकिर खान ने स्टैंडअप कॉमेडी से लिया 5 साल का ब्रेक, बोले- सेहत का ध्यान…

उन्होंने आगे कहा, “जब आप लगातार दस साल तक काम करते रहते हैं, तो शरीर पर इसका असर पड़ना तय है। इसलिए मैंने पहले सोचा था कि काम के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखूंगा। लेकिन पिछले साल, जब हम अमेरिका में थे, तब मुझे एहसास हुआ कि दोनों को एक साथ संभालना मुमकिन नहीं होगा। तभी मैंने यह फैसला लिया।”

यह भी पढ़ें: ‘आप इसे रोक नहीं सकते’, कॉमेडी में अश्लील भाषा की जावेद अख्तर की आलोचना को ज़ाकिर खान ने बताया जायज़, बोले- लेकिन….

एक वायरल वीडियो में, जिसमें ऐसा लग रहा था कि वह 2030 तक स्टैंड-अप कॉमेडी से दूर रहेंगे, ज़ाकिर ने स्पष्ट किया “यह बात मैंने खास तौर पर हैदराबाद के लिए कही थी। जब मैं ब्रेक लूंगा और फिर काम शुरू करूंगा, तो हैदराबाद लौटने में समय लगेगा। लेकिन इतना लंबा ब्रेक नहीं होगा।” कॉमेडी के प्रति अपने गहरे प्यार पर जोर देते हुए ज़ाकिर ने आगे कहा, “मैं पूरी कोशिश करूंगा कि सेहतमंद रहूं। मैं इस पर काम करूंगा। मुझे स्टैंड-अप कॉमेडी से बेहद प्यार है, और मैं 80 साल की उम्र में भी इसे करना चाहता हूं। और इसके लिए यह जरूरी है।”