अभिनेत्री हुमा कुरैशी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ और यश की बहुचर्चित फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हुमा की महिला-प्रधान एक्शन फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर ‘ऐल्फा’ से हो रहा है।

हालांकि, हुमा इस फिल्म को प्रतिस्पर्धा के तौर पर नहीं देखतीं। उनका कहना है कि यह महिला-केंद्रित एक्शन फिल्मों के लिए एक सकारात्मक दौर है और दर्शकों के पास अब मजबूत महिला किरदारों वाली कई फिल्में देखने का विकल्प मौजूद है।

वहीं, हुमा साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ का भी हिस्सा हैं। फिल्म के टीजर और यश के कुछ सीन को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे विवाद पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

हुमा ने कहा कि किसी भी फिल्म को रिलीज से पहले जज करना सही नहीं है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि पहले पूरी फिल्म देखें, उसके बाद ही अपनी राय बनाएं। उनके मुताबिक, किसी फिल्म या उसके कलाकारों के बारे में अधूरी जानकारी के आधार पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।

यह भी पढ़ें: ‘उन्होंने अपना काम मुझे दे दिया’, विवेक ओबेरॉय ने बताया बॉयकॉट के दौर में अक्षय कुमार ने की मदद

न्यूड सीन पर भी बोलीं हुमा कुरैशी

हुमा कुरैशी ने अपने हालिया बयान से एक बार फिर चर्चा बटोर ली है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वह अपने करियर में कभी भी न्यूड सीन नहीं करेंगी। हुमा ने इस फैसले के पीछे अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों और मूल्यों का जिक्र करते हुए कहा कि, “मेरे भी पिता हैं, भाई हैं और एक परिवार है। मैं ऐसा कोई काम नहीं करना चाहूंगी जिससे उन्हें शर्मिंदा होना पड़े।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं यूपी से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन लेनी है’, जब रात के 3 बजे अमिताभ बच्चन ने किया था अभिनंदन लोढ़ा को फोन

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी अन्य कलाकार के फैसले को जज नहीं कर रही हैं। हुमा ने कहा, “कई लोग न्यूड सीन करते हैं और वो उसमें सहज होते हैं, मैं उनके फैसले का सम्मान करती हूं।” उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।