आज जिस ऋतिक रोशन को लोग बॉलीवुड का ‘ग्रीक गॉड’ कहते हैं, जिनके डांस मूव्स और फिट बॉडी के लाखों दीवाने हैं, उनकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ भी आया था जब डॉक्टरों ने उन्हें डांस न करने की सलाह दी थी। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें हड्डियों से जुड़ी गंभीर समस्या हो गई थी। महज 21 साल की उम्र में उन्हें पता चला कि उनकी रीढ़ की हड्डी में ऐसी बीमारी जो उनके करियर के रास्ते में बड़ी रुकावट बन सकती थी।

जी हां! ऋतिक को स्कोलियोसिस (Scoliosis) था। यह ऐसी स्थिति है जिसमें रीढ़ की हड्डी सीधी रहने के बजाय एक ओर मुड़ जाती है। इसके कारण पीठ दर्द, शरीर का असंतुलन और भारी शारीरिक गतिविधियों में परेशानी हो सकती है। डॉक्टरों ने साफ शब्दों में कहा था कि डांस, एक्शन और ज्यादा मेहनत उनके लिए जोखिम भरा हो सकता है। यहां तक कि उन्हें सामान्य जीवन भी बेहद सावधानी से जीने की सलाह दी गई थी।

करियर शुरू होने से पहले बढ़ी थी मुश्किलें

उस समय ऋतिक फिल्मों में आने की तैयारी कर रहे थे। डांस और एक्शन उनकी पहचान बनने वाली थीं, लेकिन एक मेडिकल रिपोर्ट ने सबकुछ हिला कर रख दिया। फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद, उनके सामने सबसे बड़ा सवाल था कि क्या वह कभी अपने सपनों को जी पाएंगे? हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और ये ही वजह है कि आज वो लाखों लोगों के दिलों पर राज करते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘उस दर्द को ठीक किया जो दिया ही नहीं’, पहली सगाई टूटने के बाद रश्मिका मंदाना को विजय देवरकोंडा से मिला सच्चा प्यार

उन्होंने खुद को संभाला और इलाज को गंभीरता से लिया। उन्होंने नियमित फिजियोथेरेपी, स्ट्रिक्ट डाइट प्लान और कुछ वर्कआउट से खुद को मजबूत बनाया और फिर वो दिन आया जब उन्होंने सबको अपना दीवाना बना दिया। साल 2000 में उनकी फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ रिलीज हुई तो दर्शकों को अपना सुपरस्टार मिल गया। उनके डांस, एनर्जी और फिटनेस के लोग कायल हो गए।

लोगों को अंदाजा भी नहीं कि बड़े पर्दे पर अपने अभिनय के साथ-साथ आत्मविश्वास दिखाने वाले ऋतिक कभी ऐसी समस्या से जूझ रहे थे। केवल ये दिक्कत नहीं, बल्कि स्कूल में उन्हें हकलाने की समस्या भी थी। अपनी जुबान पर उन्होंने काम किया और आज जब वो बोलते हैं लोग उन्हें देखते ही रह जाते हैं।

स्कूल के दिनों में हकलाते थे ऋतिक

स्कूल के दिनों में ऋतिक हकलाया करते थे और इस कारण से उनके साथ पढ़ने वाले बच्चे उनका मजाक भी उड़ाया करते थे। उनका कॉन्फिडेंस इतना कम हो चुका था कि वो पब्लिक में बोलने से हिचकिचाया करते थे। उन्हें इस दिक्कत को खत्म करने के लिए कई सालों तक स्पीच थैरेपी लेनी पड़ी। मगर आज उनकी आवाज में आत्मविश्वास साफ नजर आता है।