दिल्ली पुलिस आज शनिवार को 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को उठाकर अस्पताल ले गई, तो वहीं दूसरी तरफ ऋतिक रोशन, कुशा कपिला और शत्रुघ्न सिन्हा ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। बता दें कि वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटने के निर्देश दिए। सोनम वांगचुक नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक के मामलों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे थे।

इस दौरान सोनाक्षी सिन्हा, किरण राव, शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह समेत कई सितारों ने उन्हें अपना समर्थन दिया। अब इस लिस्ट में ऋतिक का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह बात सच लगती है। अपनी एक फिल्म में टीचर का रोल करते समय मुझे उस ट्रॉमा के बारे में पता चला जिससे स्टूडेंट्स गुजरते हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘तानाशाह ने अपनी बहादुरी दिखा दी’, सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरदस्ती हटाने पर नेहा सिंह राठौर ने किया रिएक्ट, बोलीं- बीस दिन से…

ऋतिक ने सोशल मीडिया पर वांगचुक का एक वीडियो शेयर करते हुए यह बात लिखी थी। उस वीडियो में वांगचुक ने कथित तौर पर लीक हुए एग्जाम पेपर पर लोगों की चुप्पी पर सवाल उठाए और कहा कि 20 से ज्यादा स्टूडेंट्स ने अपनी जान दे दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और इंजीनियर बनने के लिए एग्जाम की तैयारी करने और उसमें सफल होने के लिए स्टूडेंट्स अपनी पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने भी किया था सपोर्ट

शुक्रवार रात सोनाक्षी के पिता और अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि सोनाक्षी ने खुलकर बोलकर उन्हें गौरवान्वित किया है। अभिनेता ने कहा, “जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक वांगचुक नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में युवा पीढ़ी के समर्थन में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के जरिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

वे लगभग 3 हफ्तों से खराब स्वास्थ्य के बावजूद एक नेक मकसद के लिए आमरण अनशन पर हैं। पिछले कुछ दिनों से देश-विदेश के कई राजनीतिक नेता, राजनीतिक दल, हस्तियां, सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर और कार्यकर्ता उनके समर्थन में आगे आए हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए, जो अब गंभीर स्थिति में है। सरकार, संबंधित अधिकारियों, हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी मांगें पूरी करनी चाहिए, तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। इस विरोध को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।”

अभिनेता ने आगे अपनी बेटी और अभिनेत्री सोनाक्षी के बारे में लिखा, “वांगचुक को बचाओ! मेरे परिवार की शान, मेरी प्यारी बेटी सोनाक्षी ने सही समय पर खुलकर और हिम्मत के साथ अपनी बात रखकर आज मुझे और भी गर्व महसूस कराया है।”

यह भी पढ़ें: ‘उनके दुश्मन भी करते हैं इज्जत’, राजनीतिक मतभेद के बावजूद नसीरुद्दीन शाह के मुरीद हैं परेश रावल, बोले- मैं उनके सामने…