Happy Birthday Hrithik Roshan: बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) आज 49 साल के हो गए हैं। ऋतिक का जन्म 10 जनवरी 1974 को एक्टर राकेश रोशन (Rakesh Roshan) के घर हुआ था। ऋतिक बॉलीवुड के सबसे कामयाब और बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं। ऋतिक रोशन शानदार एक्टिंग के साथ ही साथ अपने किलर लुक्स और बेहतरीन डांस के लिए जाने जाते हैं। आज जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको ऋतिक से जुड़ा एक किस्सा बताने जा रहे हैं।
डेब्यू फिल्म के बाद मिले थे शादी के 30 हजार प्रपोजल
ऋतिक रोशन ने अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में फिल्म ‘कहो न प्यार है’ से की थी। इस फिल्म का निर्देशन राकेश रोशन ने किया था। इस फिल्म में ऋतिक के साथ अमीषा पटेल भी नजर आई थीं। एक्टर की पहली ही फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म ने ऋतिक को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म के रिलीज होने के बाद साल 2000 में वैलेंटाइन्स डे के मौके पर और उन्हें करीब 30 हजार से अधिक शादी के प्रपोजल मिले थे। इस बात का खुलासा खुद एक्टर ने कपिल शर्मा शो के दौरान किया था। बता दें कि ‘कहो न प्यार है’ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रूपये की कमाई की थी। इस फिल्म में ऋतिक रोशन के अलावा अनुपम खेर, दिलीप ताहिल भी मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं ऋतिक
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा समय में ऋतिक की कुल संपत्ति 3000 करोड़ रुपए है। ऋतिक एक शानदार एक्टर होने के साथ-साथ एक सफल बिजनेसमैन भी हैं। वहीं एक्टर की संपत्ति की बात करें तो उनके पास मुंबई के जुहू-वर्सोवा लिंक रोड पर एक शानदार डुप्लेक्स है। मौजूदा समय में इसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपए है। इसके अलावा एक्टर के पास 10 से अधिक महंगी कारें हैं।
ऋतिक की लव स्टोरी और तलाक
ऋतिक रोशन और उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान की लव स्टोरी एक ट्रैफिक सिग्नल पर शुरू हुई थी। सुजैन को पहली बार देखते ही एक्टर को उनसे प्यार हो गया था। इसके बाद 20 दिसंबर 2000 को दोनों ने चर्च में शादी कर ली थी। 2006 में दोनों माता-पिता बने और 2008 में सुजैन ने दूसरे बेटे को जन्म दिया। हालांकि 13 दिसंबर 2013 को ऋतिक रोशन ने सुजैन खान के साथ अपने रिश्ते को खत्म करने की घोषणा कर दी थी। ऋतिक रोशन इन दिनों खुद से 17 साल छोटी सबा आजाद को डेट कर रहे हैं।