स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। हाल ही में सिंगर और रैपर बादशाह, हर्ष लिम्बाचिया, यूट्यूबर सौरव जोशी उनके शो के बोनस एपिसोड में नजर आए, जिसके क्लिप अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में समय रैपर को रोस्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, स्टैंडअप कॉमेडियन ने बादशाह से पूछा कि उनका यह ‘स्‍टेज नाम’ उन्‍हें किसने दिया।

इस पर बादशाह ने कहा कि यह नाम उन्होंने खुद रखा है। मजेदार बात यह है कि इसके बाद रैपर का पुराना वीडियो क्‍ल‍िप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उन्‍होंने इस नाम के पीछे हनी सिंह को क्रेडिट दिया था। अब इस पूरे मुद्दे पर सिंगर हनी सिंह ने भी रिएक्ट किया है।

यह भी पढ़ें: ‘ये तो शाहरुख खान की नकल कर रहा है’, जब ‘किला’ फिल्म देखकर बच्चे ने दिलीप कुमार को लेकर कह दी थी बड़ी बात

हनी सिंह ने किया पोस्ट

हनी सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर समय रैना और बादशाह की बातचीत का हिस्सा पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरी नालायक औलाद।” बता दें कि शो में समय रैना ने बादशाह से पूछा कि उनका यह नाम किसने रखा। इस पर रैपर ने खुद को क्रेडिट दिया, लेकिन यूजर्स ने रैपर का वह वीडियो ढूंढ निकाला, जिसमें पहले उन्होंने हनी सिंह को इसका क्रेडिट दिया था।

उस वीडियो में बादशाह ने कहा था कि यह नाम मुझे हनी सिंह पाजी ने दिया। वह कहते थे कि तुम बादशाह की तरह रहते हो। जब तुम्हारा मन करता है तुम फोन उठाते हो, जब तुम्हारा मन करता है तुम उठते हो। बस उसके बाद से ही बादशाह तय हो गया।

माफिया मुंदीर ग्रुप का थे हिस्सा

बता दें कि बादशाह और हनी सिंह कभी बेहद लोकप्रिय हिप-हॉप ग्रुप ‘माफिया मुंदीर’ के सदस्य हुआ करते थे। हालांकि, बाद में व्यावसायिक मतभेदों के चलते दोनों के रास्ते अलग हो गए। इसके बाद दोनों के बीच कई गानों के लिरिक्स, म्यूजिक धुन और क्रेडिट को लेकर बहस देखने को मिली है। खास तौर पर ‘ब्राउन रंग’ को लेकर दोनों के बीच हमेशा विवाद रहा है।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का दूसरा बोनस एपिसोड

यह ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का दूसरा बोनस एपिसोड था। इस एपिसोड में बादशाह के अलावा होस्ट और लेखक हर्ष लिंबाचिया, सौरव जोशी और कॉमेडियन रजत सूद भी बतौर जज मौजूद थे। जहां इसके नियमित एपिसोड नेटफ्लिक्स पर हर 15 दिन में स्ट्रीम होते हैं, वहीं इसके स्पेशल बोनस एपिसोड बिना किसी तय समय-सीमा के सिर्फ यूट्यूब मेंबर्स के लिए जारी किए जाते हैं। इससे पहले 27 जुलाई को पहला बोनस एपिसोड आया था, जिसमें राघव जुयाल, निहारिका एनएम, रोहन जोशी और मुनव्वर फारूकी जैसी हस्तियां नजर आई थीं।

यह भी पढ़ें: ‘क्या ये किसी के घर फोन करने का समय है’, जब सनी देओल ने लगाई थी प्रीति जिंटा को डांट, ‘केबीसी’ में अभिनेत्री ने सुनाया किस्सा