होली का त्योहार बुधवार को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। रंगों का यह फेस्टिवल अपने साथ बहुत सारी खुशियां लेकर आता है। बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी गाने के जरिए इस त्योहार की एक खास झलक देखने को मिलती रही है। हिंदी सिनेमा में होली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बहुत बार फिल्म की कहानी को बदल देने वाला मोड़ भी साबित हुआ है।

जी हां, रंगों की आड़ में छिपे सच, ढोल की थाप पर पनपता रोमांस और भीड़ में छिपा हुआ रहस्य कई बार होली के गानों में देखने को मिलता है। चलिए अब हम आपको ऐसी ही कुछ फिल्मों और उनके होली गीत के बारे में बताते हैं, जिनके आने के बाद फिल्म की कहानी ही बदल गई।

यह भी पढ़ें: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने दिखाई अपनी संगीत नाईट की झलक, कपल ने स्टूडेंट्स को दिया खास गिफ्ट

रंगों में छिपा अधूरा प्रेम (सिलसिला)

साल 1981 में आई अमिताभ बच्चन, रेखा और जया बच्चन स्टारर कल्ट क्लासिक फिल्म ‘सिलसिला’ बहुत से लोगों ने देखी होगी। इसकी कहानी के साथ मूवी के गानों को भी काफी पसंद किया गया था। फिल्म का मशहूर गाना ‘रंग बरसे’ काफी फेमस हुआ।

हालांकि, इसमें सिर्फ त्योहार का जश्न नहीं देखने को मिला, बल्कि इसके बाद दबे हुए रिश्तों भी सामने आए। होली के रंग में रंगे अमिताभ और रेखा के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का खुलासा ही रंग बरसे गाने के दौरान होता है, जो सीक्वेंस की पूरी कहानी बदल देता है।

अंग से अंग लगाना (डर)

लिस्ट में दूसरा नाम साल 1993 में आई फिल्म ‘डर’ का है। शाहरुख खान, सनी देओल और जूही चावला स्टारर इस मूवी का गाना ‘अंग से अंग लगाना’ के शुरुआत में सब कुछ नॉर्मल फेस्टिवल की तरह लगता है, लेकिन इसी रंग-गुलाल के बीच राहुल (शाहरुख खान) का जुनूनी प्रेम और भी खतरनाक रूप में सामने आता है, जो फिल्म की कहानी बदल देता है।

बलम पिचकारी (ये जवानी है दीवानी)

साल 2013 में आई फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का ‘बलम पिचकारी’ सॉन्ग होली के लिए परफेक्ट है। इस गाने के बाद फिल्म में देखने को मिलता है कि नैना (दीपिका पादुकोण) और बनी (रणबीर कपूर) के रिश्ते में भी बदलाव आ जाता है, जिसके बाद कहानी कुछ और ही हो जाती है।

होली के दिन (शोले)

कल्ट क्लासिक फिल्म ‘शोले’ का फेमस गाना ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ इस फेस्टिवल के लिए परफेक्ट गाना है। इसके अलावा गब्बर का फेमस डायलॉग होली कब है? कब है होली? भी हर साल काफी वायरल होता है, लेकिन फिल्म में इस गाने के बाद देखने को मिलता है कि गब्बर रामगढ़ पर हमले का प्लान होली के त्योहार को देखते हुए बनाता है।

यह भी पढ़ें: ये बॉलीवुड प्लेलिस्ट बढ़ाएगी होली पार्टी की रौनक

होली का त्योहार कुछ बेहतरीन हिंदी गानों के बिना अधूरा माना जाता है। यहां आपके साथ बेस्ट बॉलीवुड गानों की लिस्ट शेयर कर रहे हैं, जो होली पार्टी की रौनक बढ़ाने का काम कर सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें