हिना खान ने पिछले साल जून में अपने पार्टनर रॉकी जायसवाल के साथ शादी कर ली थी। दोनों एक-दूसरे को 10 साल से भी ज्यादा समय से डेट कर रहे थे। एक दिन अचानक खबर आई कि दोनों ने शादी कर ली। अब ये इतना अचानक क्यों हुआ, ये सवाल एक्ट्रेस से अक्सर पूछे गए।

अब उन्होंने सानिया मिर्जा के साथ बातचीत में बताया कि वह अपना रिश्ता खत्म करने वाली थीं। उन्होंने कहा कि शादी करने का फैसला बेहद अचानक लिया गया था और सिर्फ 15 मिनट से भी कम समय में दोनों ने शादी कर ली थी।

सानिया मिर्जा के साथ इंटरव्यू में हिना खान ने अपनी शादी के फोटो की तरफ देखते हुए बताया कि ये बिल्कुल अचानक लिया गया फैसला था, उन्होंने रॉकी के सामने इस रिश्ते को खत्म करने की बात कही थी। हिना खान कहती हैं, ‘यह फैसला बिल्कुल अचानक लिया गया था। हमने शादी की कोई प्लानिंग नहीं की थी। मुझे नहीं लगता कि उस वक्त हम शादी के लिए तैयार थे। हम दोनों काफी लंबे समय से साथ हैं, 10 साल से भी ज्यादा।’

रिश्ता तोड़ने की बात क्यों कही

उन्होंने आगे कहा, ‘अब तो हमारे रिश्ते को 13-14 साल हो चुके हैं। मेरी तबीयत को लेकर जिस तरह की परिस्थितियां चल रही थीं, उस दौरान मैंने रॉकी से कहा कि या तो तुम अपनी जिंदगी में आगे बढ़ जाओ और जिससे चाहो उससे शादी कर लो, या फिर मुझसे ही शादी कर लो, क्योंकि मुझे नहीं पता कि कल क्या होने वाला है।’

यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026: प्रीति जिंटा को विदेश में नहीं दिखा चांद, हिना खान ने फ्लॉन्ट की करवाचौथ की मेहंदी

बस 15 मिनट में की शादी

इस पर सानिया ने हिना से पूछा, ‘क्या तुमने सच में 15 मिनट में शादी कर ली थी?’ इसके जवाब में हिना ने कहती हैं, ‘हां, शायद उससे भी कम समय में हमारी शादी हो गई थी।’ हिना का कहना था कि उनकी शादी का फैसला पूरी तरह से उनकी हेल्थ को देखते हुए लिया गया था।

उन्हें नहीं पता था कि कल क्या होने वाला है। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए रॉकी से वो सवाल किया लेकिन रॉकी ने शादी के लिए हां कर दी। हिना बताती हैं कि रॉकी को शादी करने से कभी भी कोई दिक्कत नहीं थीं।

यह भी पढ़ें- 17 साल पुराना सीरियल का ये गाना, जिसके बिना अब शादी की रस्में और रिवाज फीके लगते हैं

भूल गए पहली एनिवर्सरी

एक फनी किस्सा बताते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि वह इतने समय से साथ थे और अपनी शादी को लेकर इतने बेफिक्र थे कि वह दोनों ही अपनी पहली एनिवर्सरी ही भूल गए थे। बाद में दोस्तों और परिवार के लोगों की ओर से बधाइयां मिलने के बाद उन्हें अपनी सालगिरह का एहसास हुआ।

कपल ने साल 2025 में 4 जून को शादी कर ली थी। ये एक काफी प्राइवेट वेडिंग थी, दोनों ने अपने घर की छत पर ही शादी की थी, जिसमें सिर्फ घरवाले और करीबी दोस्त ही शामिल थे।