शुरुआत से ही अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में रहने वाले आमिर खान इस समय अपनी तीसरी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपनी दोस्त गौरी स्प्रैट से शादी के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इसी बीच एक पॉडकास्ट में एक्ट्रेस हिना खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी और बताया कि समाज ऐसे मामलों को किस नजर से देखता है।

बता दें कि गौरी स्प्रैट से शादी करने के बाद आमिर खान पर कुछ लोगों ने लव जिहाद के आरोप लगाए थे। वहीं, कई लोगों उन्हें ट्रोल भी किया था। अब हाल ही में एक्ट्रेस हिना खान ने कहा कि बार-बार शादी करने से लोगों की नजर में किसी की छवि खराब हो सकती है। उन्होंने अभिनेत्री और होस्ट रुबीना दिलैक के साथ अपने पॉडकास्ट ‘the4POV’ में आमिर खान की तीसरी शादी पर बात की।

यह भी पढ़ें: ‘मेहनती थीं लेकिन एटीट्यूड बहुत था’, क्यों टूटी गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी, शगुफ्ता अली ने बताई अपनी राय

क्या बोलीं हिना खान

पॉडकास्ट में जब यह चर्चा हो रही थी कि क्या किसी स्टार की निजी जिंदगी का असर उसके काम पर पड़ता है, तब रुबीना ने कहा कि ऐसा होता है। इस पर हिना ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अगर ऐसा है, तो आमिर खान की कोई भी फिल्म नहीं चलनी चाहिए।”

रुबीना ने जवाब दिया कि आमिर का करियर अब तक किसी बड़े विवाद से प्रभावित नहीं हुआ। इस पर हिना ने पूछा, “क्या उनकी यह शादी किसी विवाद से कम है?” इस बातचीत में हिना के पति रॉकी जायसवाल और रुबीना के पति अभिनव शुक्ला भी मौजूद थे। हिना ने कहा, “एक आम इंसान यही सोचेगा कि फिर से शादी? पिछली शादी भी छोड़ दी?”

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह आमिर को जज नहीं कर रहीं, बल्कि सिर्फ समाज की सोच बता रही हैं। हिना ने आगे कहा, “हमारे समाज में बार-बार शादी करना अच्छी बात नहीं माना जाता।” इस पर रॉकी ने कहा, “सिर्फ शादी ही नहीं, तलाक को भी लोग अच्छी नजर से नहीं देखते।”

‘लव जिहाद’ के आरोपों पर आमिर खान का जवाब

गौरी स्प्रैट से शादी के बाद कुछ हिंदू दक्षिणपंथी संगठनों ने आमिर खान की आलोचना की और उन्हें लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर तक कहा। इन आरोपों पर आमिर ने जवाब देते हुए कहा कि गौरी ईसाई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के लिए धर्म नहीं बदला। उन्होंने कहा, “हमारा परिवार हमेशा से अलग-अलग धर्मों को अपनाने वाला रहा है।

मेरी दोनों बहनों ने हिंदू परिवार में शादी की है। मेरी बेटी ने भी एक हिंदू से शादी की है। मेरे कजिन मंसूर ने एक ईसाई से शादी की है। रीना, किरण और गौरी में से किसी ने भी धर्म परिवर्तन नहीं किया, क्योंकि हमारी सिविल मैरिज हुई थी। गौरी हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और वह भी धार्मिक तौर पर ज्यादा सक्रिय नहीं हैं।”

आमिर खान की तीन शादियां

जानकारी के लिए बता दें कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में सादगी से शादी की। इससे पहले आमिर की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जुनैद खान और इरा खान।

रीना से 2002 में तलाक के बाद आमिर ने 2004 में फिल्ममेकर किरण राव को डेट करना शुरू किया। दोनों ने 2005 में शादी की और 2011 में सरोगेसी के जरिए बेटे आजाद के माता-पिता बने। हालांकि, 2021 में दोनों अलग हो गए। इसके बावजूद आमिर आज भी रीना और किरण दोनों के साथ अच्छे रिश्ते बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें: गोद लिए जाने और रिश्तों में मिले धोखों ने बदल दिया था राजेश खन्ना का व्यक्तित्व, अनिता आडवाणी का दावा