टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने शिल्पा शिंदे के साथ चल रहे विवाद के बीच अपने फैंस से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर दोनों एक्ट्रेसेस के समर्थकों के बीच बढ़ती बयानबाजी को देखते हुए हिना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया।
अपनी पोस्ट में हिना ने लिखा, “हम सभी गलतियां करते हैं और समय के साथ खुद को बेहतर बनाते हैं। मैंने इधर-उधर कुछ ट्वीट्स देखे। मैंने हमेशा नफरत के बजाय दयालुता, प्यार और इंसानियत को चुना है। अगर आप मेरे फैन हैं और मेरा भला चाहते हैं, तो मैं आपसे भी यही उम्मीद करती हूं कि आप उसी दृढ़ता और स्पष्टता के साथ व्यवहार करें।”
उन्होंने आगे लिखा, “दूसरों के प्रति कटुता या नफरत दिखाए बिना, बिना संवेदनहीन ट्रोल्स की तरह व्यवहार किए भी हम अपनी बात रख सकते हैं। किसी मुद्दे को साबित करने के लिए हमें अपने स्तर से नीचे नहीं गिरना चाहिए। हम अपनी बात सम्मान और गरिमा के साथ भी प्रभावी ढंग से रख सकते हैं। दया और प्यार ही हमारी ताकत होनी चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते और उन लोगों की तरह बेवजह नफरत फैलाते हैं या ट्रोलिंग करते हैं, तो मैं आपको ब्लॉक कर दूंगी, चाहे आप मेरे फैन ही क्यों न हों। और मैं यह बात पूरी गंभीरता से कह रही हूं। मैं अपने लिए और अपने प्रियजनों के लिए सिर्फ सकारात्मकता और शांति चाहती हूं। आप सभी मेरे लिए बेहद खास हैं। कृपया दयालु बनें।”

क्या है विवाद?
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब शिल्पा शिंदे ने हाल ही में स्वीकार किया कि उन्होंने निर्माता संजय कोहली के खिलाफ जो यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, वह झूठा था। इस बयान के बाद टीवी इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। हिना खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
यह भी पढ़ें: जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से 16.24 करोड़ की ठगी, BMC अधिकारी सस्पेंड
हिना की टिप्पणी के बाद शिल्पा शिंदे ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर जवाब दिया। एक वीडियो में उन्होंने लोगों से उनके निजी मामलों में दखल न देने की बात कही, जबकि दूसरे वीडियो में उन्होंने हिना की निजी जिंदगी, कैंसर से जंग और उनके पिता के निधन का जिक्र करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से उन पर निशाना साधा।
गौरतलब है कि हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच मतभेद कोई नए नहीं हैं। दोनों के बीच ‘बिग बॉस 11’ के दौरान भी कई बार टकराव देखने को मिला था। अब यह पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हालांकि हिना ने अपने ताजा बयान से साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह की नफरत या ट्रोलिंग का समर्थन नहीं करतीं और सोशल मीडिया पर सकारात्मक माहौल बनाए रखना चाहती हैं।
