स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने अपने शो में किए गए 370 रुपये की बिरयानी वाले कमेंट पर माफी मांगी और उसके कुछ घंटों बाद ही अब उस कमेंट को करने वाले हिमांशु जांगड़ा का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में हिमांशु ने पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें शो में जाने का अफसोस है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उस समय जो बात उन्होंने कही थी, वह पूरी तरह सच नहीं थी और उन्होंने उसमें कुछ बातें अपनी तरफ से जोड़कर यानी इम्प्रोवाइज करके कही थीं।

यह वीडियो उनकी पूर्व कंपनी स्टारविक डिजाइन के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया गया था। स्टारविक डिजाइन एक डिजाइन और मार्केटिंग एजेंसी है। वीडियो में हिमांशु कंपनी के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा के साथ बातचीत करते नजर आए, जिन्होंने विवाद के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि हिमांशु जांगड़ा गुरुग्राम स्थित इस कंपनी में वेब डेवलपर के तौर पर काम करते थे।

यह भी पढ़ें: ‘अच्छे संस्कारों वाला लड़का’, 370 रुपये की बिरयानी विवाद पर कुनिका सदानंद ने दिया प्रणित मोरे का साथ

हिमांशु ने बताया कैसे है परिवार के हालात

जब विवेक ने हिमांशु से पूछा कि उनके और उनके परिवार के हालात कैसे हैं, तो हिमांशु ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनकी स्थिति काफी खराब रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस विवाद को करीब एक हफ्ते तक परिवार से छिपाकर रखा था, ताकि उन्हें इसके बारे में पता न चले। लेकिन आखिरकार उनके परिवार को इस मामले की जानकारी मिल गई, जिसके बाद वह मुश्किल स्थिति में आ गए।

हिमांशु ने कहा, “अभी देखा जाए तो मेरी हालत बहुत खराब है। पिछले दो हफ्तों से बहुत ज्यादा ट्रोल हो रहा हूं इंस्टाग्राम पर। एक हफ्ते तक तो घर पे किसी को पता नहीं था। मेरे होमटाउन में किसी को नहीं पता था।”

हिमांशु ने आगे कहा, “घरवालों ने मुझे घर बुला लिया और पूछा कि क्या हो रहा है। मैंने भी कहा की गलती हो गई है, मुझसे तो उन्होंने डांटा और फिर समझाया। यहां तक फिर भी ठीक था, लेकिन जब उनको पता लगा कि मेरे को जॉब से निकाल दिया गया है तो वो बहुत टेंशन में आ गए। अब घरवालों को देखता हूं, तो बहुत ज्यादा अफसोस फील होता है कि क्यों गया था उस शो में।”

हिमांशु ने कहानी को किया था इम्प्रोवाइज?

हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि उन्होंने पहले प्रणित मोरे के शो के वीडियो देखे थे और जब गुड़गांव में इसकी घोषणा हुई तो उन्होंने शो में जाने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि वह पहली बार किसी कॉमेडी शो में जा रहे थे। उन्होंने आगे दावा किया कि उन्होंने स्टेज पर जो कुछ भी कहा वह पूरी तरह सच नहीं था और उन्होंने एंटरटेनमेंट के लिए घटना के कुछ हिस्सों को इम्प्रोवाइज किया।

हिमांशु ने कहा, “मैंने जो वहा पे स्टोरी बताई, उसमें जो लड़की की बात कर रहा हूं मैं… हां मैंने एक लड़की को डेट किया था। लेकिन जो मैंने वहा पे बताया वो पूरी तरह सच नहीं था। वो एक इम्प्रोवाइज करके स्टोरी बताई थी मैंने वहां पर। क्योंकि मेरे से पहले जो लोग वहां पे स्टोरीज बता रहे थे वहां भी काफी ऐसे टाइप की स्टोरीज बताई थीं।”

हिमांशु ने आगे कहा, “वो पता नहीं कि अब मेरी किस्मत खराब थी कि लोगों ने ट्रिगर किया। मैं मानता हूं कि मैंने कुछ गलत शब्द इस्तेमाल किए थे। मैं इसके लिए सॉरी मांगना चाहूंगा। वो मैंने जो बताया था वो सिर्फ एक एंटरटेनमेंट के तरीके से बताया था। मेरा कोई भी ऐसा इंटेंशन या मेंटैलिटी नहीं है।

यह भी पढ़ें: ‘मैं इसी नफरत के लायक हूं’, विवाद के बीच प्रणित मोरे ने साझा किया पहला वीडियो, बोले- चाहता तो उसे रोक सकता था