डाइस मीडिया ‘हाई हील्स’ की सफलता के बाद अपने अवॉर्ड विनिंग शो का सीज़न 2 लेकर आया है, जो पहले से भी ज्यादा लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस सीज़न में मुख्य भूमिका में हैं तान्या शर्मा, जो FilterCopy की फेमस और पसंदीदा एक्ट्रेस हैं उनके साथ नजर आ रही हैं किश्वर मर्चेंट।
पहले सीजन में थोड़ा सा नर्वस रहने वाली आयशा दूसरे सीजन में अब चुनौतियों के बावजूद खड़ी रहती है और अपना रास्ता बनाती है। शो के दूसरे सीजन को मिल रहे प्यार से तान्या बेहद खुश हैं और जनसत्ता से बात करते हुए उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की है।
तान्या से जब हमने पूछा कि पहले सीजन के खत्म होने के बाद से ही फैंस बेसब्री से दूसरे पार्ट का इंतजार कर रहे थे और अब फैंस तीसरे सीजन के बारे में पूछ रहे हैं तो तान्या ने कहा, “यह तो बहुत ही अच्छी बात है। एक एक्टर के लिए इससे अच्छी खुशी और क्या हो सकती है, कि लोग आपके काम को पसंद कर रहे हैं। जब काम सराहा जाता है, तो यह संतोषजनक होता है।”
कमबैक का अनुभव
तान्या ने बताया कि सीजन 1 के समय उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि सीजन 2 इतनी जल्दी आएगा। तान्या ने कहा, “जब हमने स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मैं बहुत एक्साइटेड हो गई, क्योंकि आयशा के किरदार में परफॉर्म करने के लिए कई लेयर्स थीं। इसे निभाना बहुत मज़ेदार अनुभव था।”
तान्या ने कहा कि हर नए किरदार से एक्टर कुछ न कुछ सीखते हैं। आयशा उनके जैसी कुछ हद तक है, लेकिन थोड़ी अलग भी है। तान्या ने कहा, “आयशा बहुत वर्कहोलिक है, उसके अंदर जुनून है, और वह मेहनती है।”
खुद को स्क्रीन पर देखना
अपने काम को स्क्रीन पर देखने को लेकर बात करते हुए तान्या ने कहा कि यह उन्हें अजीब लगता है। उन्होंने कहा, “जब मैं खुद को टीवी पर देखती हूं, तो मुझे उतना अच्छा नहीं लगता। अगर मुझे कोई चीज़ पसंद नहीं आई, तो मैं अगली बार कैमरे के सामने उसे करते हुए कॉन्शस हो जाऊंगी।”
तान्या खुद को थोड़ा क्रिटिकल मानती हैं।
परिवार की प्रतिक्रिया
तान्या ने बताया कि मां उनकी सबसे बड़ी क्रिटिक हैं, “उन्होंने बस बहुत सामान्य तरीके से कहा कि ठीक है, यहां से यह हो सकता है। यह मेरी ग्राउंडेड रहने की वजह भी है कि मेरी मां और परिवार हमेशा मेरे साथ हैं।”
सफलता और जिम्मेदारी
सीजन 1 और 2 को मिला कर अब तक हर एपिसोड को मिलियन्स में व्यूज़ मिले हैं। तान्या ने कहा, “इतनी बड़ी सफलता देखकर खुशी तो होती है, लेकिन जिम्मेदारी भी महसूस होती है। अगर लोग आपका काम पसंद कर रहे हैं और उससे रिलेट कर रहे हैं, तो इससे बड़ी खुशी एक एक्टर के लिए और क्या हो सकती है।”
किरदार और भावनाएं
तान्या ने साझा किया कि किरदार के इमोशन्स और रियल लाइफ की भावनाओं को संतुलित करना एक कला है। तान्या ने कहा, “हर इंसान में भावनाएं वही होती हैं, फर्क सिर्फ यह है कि आप उन्हें कितनी बार और कैसे दिखा पाते हैं।”
वह कहती हैं कि जैसे-जैसे आयशा की ग्रोथ हुई है वैसे ही उनकी खुद की ग्रोथ भी हुई है।
अभिषेक बनर्जी ने ‘स्टोलन’ के लिए जीता बेस्ट OTT एक्टर का अवॉर्ड- ‘सोर्स’ ने पहले कहा था नहीं मिलेगा
सोशल मीडिया और सेल्फ-वर्थ
आजकल सोशल मीडिया का जमाना है और कई लोगों को लगता है कि ऑडियंस वैलिडेशन लाइक्स और कमेंट्स में मिलती है मगर तान्या इससे अलग सोच रखती हैं।
तान्या ने कहा, “कुछ लोग हमेशा ऐसे होते हैं कि आपको पसंद नहीं करेंगे। अगर किसी को मेरी एक्टिंग नहीं अच्छी लगी तो कोई बात नहीं।”
उन्होंने यह भी साझा किया कि शो की सफलता का एक बड़ा कारण है फास्ट मूविंग डिजिट स्पेस और दर्शकों के साथ रिलेटबिलिटी। तान्या ने कहा, “लोग अपने आप को किरदारों के जरिए कनेक्ट करते हैं। यही इसे दिलचस्प बनाता है।”
जीवन का पर्पज़
अंत में तान्या ने कहा, “पूरी लाइफ हम खुद को ढूंढते रहते हैं। लेकिन अपने अपनों के साथ रहना, खुश रहना और काम करते रहना जरूरी है। इससे ज़्यादा मुझे कुछ नहीं चाहिए।”
