फैंस ‘हेरा-फेरी 3’ का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं मगर इस फिल्म पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पहले परेश रावल का फिल्म को बीच में छोड़ना, फिर राइट्स को लेकर विवाद और अब इसके राइटर ने खुद को प्रोजेक्ट से अलग कर लिया है।

फिल्म का भविष्य इस समय अनिश्चित बना हुआ है। फिल्म के राइटर रोहन शंकर ने कानूनी विवाद के चलते फिल्म को छोड़ दिया है। उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया है, जिसके कारण अब फिल्म को बनने में और भी देरी हो सकती है।

न्यूज 18 के साथ खास बातचीत में रोहन शंकर ने बताया कि वह फिल्म से जुड़े हुए थे, लेकिन लीगल दिक्कतों की वजह से बात आगे नहीं बढ़ पाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर फिल्म आगे बनती है और प्रियदर्शन इसमें जुड़े रहते हैं, तो वह भी वापसी कर सकते हैं।

उन्होंने अक्षय कुमार और प्रियदर्शन को वर्कहॉलिक बताया और कहा कि दोनों के पास पहले से कई प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं। कानूनी देरी के चलते फिल्म शुरू होने में समय लग सकता है, और तब तक प्रियदर्शन कई दूसरी फिल्में पूरी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: भोजपुरी गायक खेसारी लाल के शो में हंगामा, चले लात-घूंसे और हुआ लाठीचार्ज

इस बीच अक्षय कुमार और प्रियदर्शन अपनी अगली फिल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं, जो 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में आने वाली है।

इसके अलावा प्रियदर्शन फिल्म ‘हैवान’ पर भी काम कर रहे हैं, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे। साथ ही, उन्होंने मोहनलाल के साथ अपनी 100वीं फिल्म की भी घोषणा की है।

क्या है ‘हेरा फेरी 3’ का कानूनी विवाद?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोडक्शन हाउस सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के जीपी विजयकुमार ने दावा किया है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के पास ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के पूरे अधिकार नहीं हैं।

यह भी पढ़ें: ‘कोई इस स्क्रिप्ट को खरीदने को तैयार नहीं था’: राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने बताया आमिर खान ने कैसे बचाई ‘रंग दे बसंती’

उनका कहना है कि नाडियाडवाला के पास सिर्फ 1989 की मलयालम फिल्म रामजी राव स्पीकिंग के हिंदी रीमेक के अधिकार थे, जो 2000 में ‘हेरा फेरी’ के रूप में बनी।

आरोप है कि इसके बाद 2006 में बनी सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करके बनाई गई। मामला तब और बढ़ गया जब कथित तौर पर इन अधिकारों को अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल यह विवाद कोर्ट में चल रहा है।