भारतीय सिनेमा की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने सिनेमा जगत में 60 साल पूरे कर लिए हैं। इसी सिलसिले में मुंबई में एक शानदार इवेंट देखने मिला, जहां एक्ट्रेस ने अपने दिवंगत पति धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने से इस इवेंट की शुरूआत की। उनके इंडस्ट्री में 60 साल पूरे होने की खुशी में ये समारोह रखा गया था।

इस इवेंट की एक हाइलाइट हेमा मालिनी का अपनी बायोपिक पर बयान भी बन गया। उन्होंने इस इवेंट में बताया कि किस एक्ट्रेस को वो अपनी बायोपिक में देखना चाहती हैं। उन्होंने बिना किसी झिझक के एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का नाम लिया।

यह भी पढ़ें- पति को खोने के बाद मुश्किल दौर से गुजरीं मंदिरा बेदी, थेरेपी ने ऐसे दी नई उम्मीद, सालों बाद साझा किया किस्सा

जब हेमा मालिनी से पूछा गया कि वह अपनी बायोपिक में किस अभिनेत्री को अपना किरदार निभाते देखना चाहेंगी, तो उन्होंने दीपिका पादुकोण का नाम लिया। दिग्गज अभिनेत्री ने कहा, “अगर वह चाहें तो यह कर सकती हैं। वैसे कोई भी यह रोल निभा सकता है, लेकिन दीपिका एक बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड लड़की हैं।”

दिलचस्प बात यह है कि हेमा मालिनी ने अपनी 2017 में प्रकाशित जीवनी हेमा मालिनी: बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल के लॉन्च के लिए भी दीपिका पादुकोण को ही चुना था। इस किताब को राम कमल मुखर्जी ने लिखा था। यानी कि ऐसा दूसरी बार हुआ है जब एक्ट्रेस ने दीपिका पादुकोण को अपनी बायोपिक के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन बताया।

यह भी पढ़ें- ‘सतलुज’ देखकर हर कोई पूछ रहा है, आखिर कौन है असल जिंदगी का सुरजीत सिंह सुग्गा? जानिए पूरी सच्ची कहानी

इस आयोजन के बारे में बात करते हुए हेमा मालिनी ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में इस इवेंट से जुड़ी तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने लिखा- ‘यह बेहद यादगार और शानदार तरीके से आयोजित किया गया कार्यक्रम था। फिल्म इंडस्ट्री में मेरे 60 साल पूरे होने के इस डायमंड जुबली समारोह को जिस भव्यता और गरिमा के साथ सजाया और मनाया गया, वह सचमुच यादगार रहा।’

‘ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शक मेरे फिल्मों के गीत-संगीत में पूरी तरह डूबे नजर आए और कार्यक्रम के अंत तक अपनी जगहों पर बने रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने फिल्म जगत में मेरे योगदान की सराहना की और धर्मेंद्र जी को भारतीय सिनेमा का सच्चा दिग्गज बताया।’ हेमा ने लिखा

इस आयोजन के जरिए फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी संस्थाओं सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई।