सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को रिलीज हुई। भले ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही हो, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का प्यार मिल रहा है। हेमा मालिनी ने भी इस फिल्म की तारीफ की है।
हेमा मालिनी ने X पर लिखा, “मैंने कल फिल्म ‘बंटवारा’ देखी। यह बेहद शानदार है और इसमें एक स्पष्ट संदेश दिया गया है कि आज हमारे देश को किस चीज की जरूरत है। यह हमें याद दिलाती है कि नफरत और विभाजन से कहीं अधिक महत्वपूर्ण मानवता, आपसी सम्मान और सद्भाव हैं। मुझे उम्मीद है कि यह खूबसूरत संदेश लोगों को अपनी सोच बदलने और नफरत के बजाय दयालुता को चुनने के लिए प्रेरित करेगा।”
दिग्गज अभिनेत्री ने राजकुमार संतोषी के निर्देशन की भी तारीफ की और सनी देओल तथा शबाना आजमी के अभिनय की सराहना की। उन्होंने फिल्म में शामिल सनी देओल के बेटे करण देओल और प्रीति जिंटा के अभिनय की भी तारीफ की।
यह भी पढ़ें: ‘वो मेरे करियर और जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत थे’, धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं हेमा मालिनी
उन्होंने लिखा, “राजकुमार संतोषी का शानदार निर्देशन और सनी देओल तथा शबाना आजमी का बेहतरीन अभिनय। फिल्म के कलाकारों में करण देओल और प्रीति जिंटा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।”
फिल्म के निर्माता आमिर खान को बधाई देते हुए दिग्गज अभिनेत्री ने कहा, “आमिर खान को एक ऐसी कालजयी फिल्म बनाने के लिए बधाई, जिसका संदेश वास्तव में आज के समय की जरूरत है।”
सनी देओल और बॉबी देओल के साथ अपने रिश्ते पर हेमा मालिनी
हेमा मालिनी, धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी हैं। उन्होंने साल 1980 में शादी की थी, जब धर्मेंद्र पहले से ही प्रकाश कौर से शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे थे। हेमा मालिनी से भी धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं- ईशा देओल,अहाना देओल। वहीं प्रकाश कौर और धर्मेंद्र के चार बच्चे हैं-बेटे सनी देओल और बॉबी देओल,बेटियां अजीता और विजेता।
यह भी पढ़ें: ‘लिफाफे में मिलती थी फीस, जैसे भिक्षा’, ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने पुराने दिन याद करते हुए किया चौंका देने वाला खुलासा
सनी और बॉबी देओल के साथ कैसा है हेमा मालिनी का रिश्ता?
हाल ही में हिंदी रश को दिए एक इंटरव्यू में सनी और बॉबी के साथ अपने रिश्ते को लेकर बनी धारणाओं पर हेमा मालिनी ने कहा था, “वो बहुत प्यारे हैं। सनी बहुत अच्छे हैं। बॉबी भी बहुत अच्छे हैं। हम सभी हमेशा साथ रहते हैं। हम इसका प्रचार नहीं करते, लेकिन अंदर से हम सभी के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम सब एकजुट हैं। हम एक बहुत खुशहाल परिवार हैं।”
इसी इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति और अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम इच्छा के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र हमेशा चाहते थे कि पूरा परिवार एकजुट रहे और साथ में अधिक समय बिताए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
