दिग्गज अभिनेत्री और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी एक बार फिर अपने दिवंगत पति और हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ उनके जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और फिल्मी करियर के सबसे बड़े सहारा थे। उनकी हौसला-अफजाई की वजह से ही वह शादी के बाद भी फिल्मों और डांस की दुनिया में सक्रिय रहीं।
रिपब्लिक वर्ल्ड से बातचीत में हेमा मालिनी ने कहा, “मुझे इस बारे में बात करते हुए बहुत असहज महसूस होता है, लेकिन मैं भगवान की बेहद आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतना अच्छा जीवनसाथी दिया, जिसकी यादें मैं जिंदगी के आखिरी पल तक संजोकर रखूंगी। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। वह मेरी जिंदगी, मेरे करियर और हर चीज में मजबूती का सबसे बड़ा स्तंभ थे।”
हेमा मालिनी ने बताया कि शादी के बाद धर्मेंद्र ने कभी उन्हें घर बैठने के लिए नहीं कहा। इसके बजाय उन्होंने हमेशा उन्हें अपने काम को जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: परिवार को एकजुट देखना थी धर्मेंद्र की आखिरी इच्छा, हेमा मालिनी ने बताया क्या कहते थे अभिनेता
उन्होंने कहा, “उन्होंने मुझे शादी के बाद भी हर काम करने की आजादी दी। उन्होंने कभी नहीं कहा कि घर पर बैठ जाओ। वह जानते थे कि मैं एक कलाकार हूं और डांसर हूं। उन्होंने मेरी तरक्की देखी थी, इसलिए हमेशा फिल्मों और डांस को जारी रखने के लिए प्रेरित किया। वह हमेशा कहते थे, ‘तुम अपना काम करती रहो, कभी मत रुकना।'”
हेमा ने धर्मेंद्र के परिवार के प्रति प्यार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “उन्हें परिवार से बहुत लगाव था। वह हमेशा चाहते थे कि हम सब साथ रहें। वह कहते थे, ‘हमेशा साथ रहो, कभी अकेले मत रहना और बच्चों के साथ समय बिताना।'”
हालांकि हेमा मालिनी ने कहा कि वह धर्मेंद्र के साथ बिताए खूबसूरत पलों के लिए खुद को खुशकिस्मत मानती हैं, लेकिन उनकी कमी आज भी उन्हें और उनकी दोनों बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल को गहराई से महसूस होती है।
उन्होंने कहा, “मैं खुश हूं, लेकिन जब अपनी दोनों बेटियों को यह दर्द महसूस करते देखती हूं कि उनके पापा अब उनके साथ नहीं हैं, तो बहुत दुख होता है। यह खालीपन कभी नहीं भर सकता।”
यह भी पढ़ें: लिफाफे में मिलती थी फीस, जैसे भिक्षा’, ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने पुराने दिन याद करते हुए किया चौंका देने वाला खुलासा
इसी बातचीत के दौरान हेमा मालिनी को उनकी बेटियों अहाना देओल और ईशा देओल की ओर से भेजे गए भावुक संदेशों से सरप्राइज दिया गया। इन संदेशों को सुनकर वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं।
अहाना ने अपने पत्र में मां की हिम्मत, संघर्ष और उपलब्धियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि उनकी मां ने उन्हें सिखाया कि मुश्किल हालात में भी खुद पर विश्वास कैसे बनाए रखा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता के आपसी रिश्ते ने ही उन्हें बेहतर इंसान बनाया है।
वहीं, ईशा देओल ने वॉयस मैसेज में कहा, “मैं आपकी बहुत प्रशंसा करती हूं और आपसे बहुत प्यार करती हूं। दुनिया आपको ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से जानती है, लेकिन मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की बेटी हूं।”
ईशा ने आगे कहा, “मैं हमेशा आपके साथ हूं। मैं आपका सहारा हूं। आप बेहद मजबूत महिला हैं। जिस तरह आप खुद को संभालती हैं और अपनी भावनाओं पर काबू रखती हैं, वह आसान नहीं है। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं और जल्द ही आपसे मिलूंगी।” बेटियों के इन भावुक संदेशों को सुनते हुए हेमा मालिनी की आंखें नम हो गईं और वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
