दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को पिछले रविवार को लंदन में आयोजित 79वें बाफ्टा (ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार) के इन मेमोरियम सेक्शन में सम्मानित किया गया। धर्मेंद्र इस साल बाफ्टा के मरणोपरांत अनुभाग में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय अभिनेता थे। हिंदी सिनेमा के ही-मैन को दुनिया से गए तीन महीने बीत चुके हैं। अब उन्हें मिले इस सम्मान को हेमा मालिनी ने दिल को छू लेने वाला बताया। साथ ही उन्होंने इस मौके पर धर्मेंद्र के निधन के बाद परिवार में दरार की अटकलों को भी खारिज कर दिया।
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में हेमा ने उन दावों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा है किउनकी बेटियों, ईशा और अहाना के धर्मेंद्र के परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं। उन्होंने कहा, “पापा हैं ना, पापा के लिए सब करेंगे। चाहे ये बच्चे (ईशा, अहाना) हों या वो बच्चे (सनी, बॉबी), सभी धरमजी को बहुत प्यार करते थे। वे एक-दूसरे को बहुत प्यार करते हैं। परिवार में जरा भी नेगेटिविटी नहीं है, जब धरमजी हैं, तो नेगेटिविटी कहां? धरमजी प्यार, ताकत और मूल्यों के स्रोत थे जो उन्होंने इन्हें दिए हैं।”
एक बार फिर धर्मेंद्र के साथ काम करना चाहती थीं हेमा
हेमा मालिनी ने माना कि धर्मेंद्र की मृत्यु से पहले उनकी इच्छा थी कि वो एक बार फिर साथ में स्क्रीन शेयर करें। “हमने अतीत में जो कुछ किया है, वह अब दर्शकों के लिए यादों के रूप में रहेगा। मुझे खुशी है कि मेरे जीवन का आधे से अधिक समय उनके साथ सह-कलाकार के रूप में और उनके साथ जीवन साथी के रूप में बीता। यह स्वीकार करना असंभव है कि वह चले गए हैं, मैं इसके बारे में सोचती हूं और मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं, लेकिन हमें इस दुख से बाहर निकलना होगा और मैं एक मजबूत इंसान हूं। आप चाहे कितने भी मजबूत क्यों न हों, यह संभव नहीं है, ब्रेकडाउन तो होता ही है।”
यह भी पढ़ें: कौन हैं बदख्शी, जिनके साथ लिव-इन में हैं जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा, एक साल तिहाड़ जेल में काट चुके हैं सजा
धर्मेंद्र के निधन से दुखी हैं चाहने वाले
हेमा मालिनी ने आगे कहा, “सभी सहयोगी, उनके स्पॉट बॉय, सभी बहुत दुखी हैं, वे मेरे पास आते रहते हैं और कहते हैं, ‘साहब की याद आ रही है, मैं साहब को को चाय देता था।” तो आप कल्पना कर सकते हैं कि हम उन्हें कितना याद कर रहे हैं।”
धर्मेंद्र के निधन के बाद उड़ीं खबरें
जब धर्मेंद्र का निधन हुआ तो हेमा मालिनी और उनकी बेटियों को श्मशान घाट से जल्दी निकलते देखा गया था। साथ ही ये लोग देओल परिवार द्वारा आयोजित धर्मेंद्र की प्रेयर मीट में भी शामिल नहीं हुए थे और हेमा ने अपने घर पर अलग प्रार्थना सभा रखी थी। जिसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि हेमा और उनकी बेटियां ईशा और अहाना, धर्मेंद्र के परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अच्छे संबंध नहीं रखते। लेकिन हाल ही में आई फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रीनिंग में ईशा और अहाना, सनी को सपोर्ट करने के लिए पहुंची थीं।
सनी की फिल्म के बारे में भी हेमा ने कहा, “मुझे भी बुलाया गया था, लेकिन मैं नहीं आ सकी। वे चाहते थे कि मैं आऊं और फिल्म देखूं। हम इन पलों को सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाते और क्यों दिखाएं? यह सब हमारे परिवार के भीतर की बात है, इसे क्यों उजागर करें? लोगों को इधर-उधर की बातें करने के बजाय समझना चाहिए। हम सब ठीक हैं और हम इस खालीपन से निपट लेंगे।”
धर्मेंद्र के जाने के बाद कैसे रह रहीं हेमा मालिनी?
हेमा ने बताया कि वो खुद को डांस शो में व्यस्त रखती हैं। “अगर मुझे कोई अच्छा फिल्मी रोल मिलता है तो मैं उसे जरूर करूंगी, कुछ अच्छा आता ही नहीं। मुझे ओवर द टॉप फिल्मों के बारे में पक्का पता नहीं है। धरम जी को मेरा डांस देखना बहुत पसंद था और वे कहते थे कि मुझे कभी रुकना नहीं चाहिए क्योंकि मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहना जरूरी है। शूटिंग के दौरान भी मैं अपने गुरु जी को साथ ले जाती थी, इसलिए धरम जी की उनसे दोस्ती भी हो गई। उन्हें लड़कियों का डांस देखना भी बहुत अच्छा लगता था और वे इस बात की सराहना करते थे कि हम भारतीय परंपरा को कायम रख रहे हैं।” हेमा मालिनी से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
