CineGram: हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी खूबसूरती, शानदार अदाकारी और बेहतरीन डांस से उन्होंने दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर हेमा मालिनी को उन्हें ऑफर हुई पहली फिल्म में ब्रेक मिल जाता तो वो सुजाता के नाम से मशहूर होतीं?
जी हां! हेमा मालिनी का नाम सुजाता रखा जाने वाला था? इतना ही नहीं, उन्हें पहली फिल्म में मौका देने वाले एक मशहूर फिल्ममेकर ने कुछ ही दिनों बाद फिल्म से बाहर कर दिया था। उस वक्त उन्होंने यहां तक कह दिया था कि हेमा कभी स्टार नहीं बन पाएंगी। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बाद में राज कपूर ने हेमा मालिनी की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ बनने का मौका मिला। आज हेमा मालिनी के जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा।
पहली फिल्म में हेमा का नाम रखने वाले थे सुजाता
हेमा मालिनी जब महज 16 साल की थीं, तब साउथ इंडियन सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर सीवी श्रीधर ने उन्हें अपनी फिल्म में लॉन्च करने का फैसला किया था। वह हेमा का नाम बदलकर सुजाता रखना चाहते थे। राम कमल मुखर्जी की किताब ‘हेमा मालिनी: बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल’ के मुताबिक, श्रीधर ने कहा था, ‘आज से इसका नाम सुजाता होगा। इसका मौजूदा नाम अच्छा नहीं है।’
इस फिल्म में हेमा मालिनी के साथ जयललिता को भी लॉन्च करने की योजना थी। फिल्म के लिए हेमा को फोटोशूट के लिए बुलाया गया। उन्हें साड़ी पहनकर तस्वीरें खिंचवानी थीं। हालांकि, उस वक्त हेमा अपनी तस्वीरों को देखकर खुश नहीं थीं। उन्हें लग रहा था कि वह बहुत दुबली और अच्छी नहीं दिख रही हैं।
फोटोशूट शुरू होने के कुछ ही समय बाद हेमा मालिनी को फिल्म से बाहर कर दिया गया। उनके लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था। मुश्किल तब और बढ़ गई, जब सीवी श्रीधर ने सार्वजनिक तौर पर कह दिया कि हेमा कभी स्टार नहीं बन पाएंगी। इस घटना से हेमा और उनका परिवार काफी दुखी हुआ था।
राज कपूर ने पहचानी प्रतिभा, कहा- अगली सुपरस्टार बनेगी
पहली फिल्म से बाहर होने के बाद हेमा मालिनी की किस्मत ने ऐसी करवट ली, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। जल्द ही उन्हें राज कपूर के साथ फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म के निर्माता बी. अनंतस्वामी थे और हेमा को राज कपूर के साथ स्क्रीन टेस्ट देने के लिए आरके स्टूडियो बुलाया गया था।
स्क्रीन टेस्ट के दौरान हेमा को कुछ अकेले सीन करने थे। उस वक्त फिल्ममेकर के. आसिफ भी वहां मौजूद थे। हेमा मालिनी, राज कपूर को देखकर काफी प्रभावित हुई थीं। हेमा मालिनी ने कहा था कि उन्हें राज कपूर किसी राजकुमार जैसे लगे। खास बात यह थी कि राज कपूर ने स्क्रीन टेस्ट के दौरान उन्हें सहज महसूस कराया। हेमा को यह तक पता नहीं चला कि कैमरा कहां रखा गया था।
राज कपूर ने हेमा मालिनी को बताया था अलग सुपरस्टार
स्क्रीन टेस्ट के बाद हेमा मालिनी राज कपूर के जवाब का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। तभी राज कपूर ने कहा, ‘यह लड़की भारतीय सिनेमा की अगली सुपरस्टार बनेगी।’ राज कपूर की यह बात हेमा के लिए किसी बड़े प्रोत्साहन से कम नहीं थी। इसके बाद उन्हें फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ में काम करने का मौका मिला।
ऐसे मिला ‘ड्रीम गर्ल’ का नाम
फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ के प्रचार के दौरान हेमा मालिनी को राज कपूर की ‘ड्रीम गर्ल’ के तौर पर पेश किया गया। हालांकि, फिल्म में दोनों के बीच उम्र का बड़ा अंतर था। उस वक्त हेमा महज 16 साल की थीं, जबकि राज कपूर 44 साल के थे। फिल्म में दोनों रोमांटिक जोड़ी के रूप में नजर आने वाले थे।
फिल्म के प्रचार के लिए लगाए गए कुछ पोस्टरों पर दोनों की उम्र का अंतर भी लिखा गया था। हेमा मालिनी ने बाद में बताया था कि ऐसे पोस्टर देखकर उन्हें हंसी आती थी और वह इस प्रचार को काफी दिलचस्प मानती थीं।
धीरे-धीरे ‘ड्रीम गर्ल’ का नाम हेमा मालिनी की पहचान बन गया। दिलचस्प बात यह है कि अपनी पहली फिल्म रिलीज होने से पहले ही उन्होंने पांच और फिल्मों के लिए साइन कर लिया था। जिस अभिनेत्री को कभी यह कहकर फिल्म से निकाल दिया गया था कि वह स्टार नहीं बन सकतीं, वही आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
दशकों तक किया फिल्मों में काम
हेमा मालिनी ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया और लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने शास्त्रीय नृत्य में भी नाम कमाया। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और फिल्मों में काम करना कम कर दिया। हालांकि, वह आज भी देशभर में नृत्य कार्यक्रमों के जरिए अपनी कला दिखाती रहती हैं।
हेमा मालिनी की कहानी बताती है कि करियर की शुरुआत में मिली असफलता किसी की मंजिल तय नहीं करती। जिस नाम को कभी बदलकर सुजाता रखने की तैयारी थी, वह आगे चलकर हेमा मालिनी के रूप में दुनिया भर में मशहूर हुआ।
