हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा करने वाले अरिजीत सिंह के फैसले ने म्यूजिक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। जहां उनके फैंस इस खबर से निराश हैं और बॉलीवुड गानों में उनकी आवाज को मिस करने की बात कह रहे हैं, वहीं कुछ दिग्गज कलाकार उनके इस कदम को समझदारी भरा बता रहे हैं। अब मशहूर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने भी इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है और इसे अरिजीत का ‘इंटेलिजेंट’ फैसला बताया है।

इस बात का रह गया मलाल

शुभोजीत घोष के साथ खास बातचीत के दौरान इस्माइल दरबार ने कहा कि उन्हें सिर्फ इस बात का अफसोस है कि उन्हें कभी अरिलीज सिंह के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वह अरिजीत के साथ कुछ अलग और नया करना चाहते थे, ताकि लोगों को उनकी आवाज एक नए अंदाज में सुनने को मिलती। दरबार के मुताबिक, दोनों की सोच और संगीत की समझ मिलकर कुछ खास पैदा कर सकती थी। यही एक बात थी, जिसका उन्हें मलाल है।

अरिजीत ने लिया सही फैसला

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अरिजीत का रिटायरमेंट पूरी तरह उनका निजी फैसला है और वह इस फैसले का सम्मान करते हैं। दरबार ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर रोजाना मिलने वाली कमाई को छोड़ना आसान नहीं होता, लेकिन अरिजीत ने हिम्मत दिखाई। उनके मुताबिक, आज के दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए कलाकार सीधे अपने फैंस तक पहुंच सकते हैं। अगर कोई गायक बड़े म्यूजिक लेबल्स, जैसे T-Series के लिए गाता है, तो उसका ज्यादा फायदा लेबल को होता है। ऐसे में अरिजीत ने एक समझदार बिजनेसमैन की तरह सोचा है।

यह भी पढ़ें: ‘दर्द काफी कम हो गया’, सिस्ट सर्जरी के बाद सामने आया दीपिका कक्कड़ का हेल्थ अपडेट, शोएब ने दी लाइफस्टाइल में बदलाव करने की सलाह

इस्माइल दरबार ने अरिजीत को सिर्फ बेहतरीन गायक ही नहीं, बल्कि समझदार और दूरदर्शी इंसान भी बताया। उन्होंने कहा कि अरिजीत आज जिस मुकाम पर हैं, वह किसी म्यूजिक लेबल की वजह से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और भगवान की कृपा से हैं। अगर भविष्य में कभी उनसे मुलाकात हुई, तो वह जरूर उनसे एक आखिरी गाना गाने की गुजारिश करेंगे, हालांकि मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि शायद अरिजीत मानेंगे नहीं।

यह भी पढ़ें: ‘मैं बहुत नर्वस हूं’, प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने के बाद अरिजीत सिंह ने किया पहला शो, अनुष्का शंकर के साथ आए नजर

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया था। उन्होंने अपने संदेश में फैंस का आभार जताते हुए लिखा था कि वह अब किसी नए प्लेबैक असाइनमेंट को स्वीकार नहीं करेंगे और इस सफर को यहीं विराम दे रहे हैं। उनके इस फैसले ने इंडस्ट्री और श्रोताओं के बीच नई बहस छेड़ दी है।