कई दशकों तक दिलीप कुमार को हिंदी सिनेमा का ‘ट्रेजेडी किंग’ कहा जाता रहा। उनकी शानदार एक्टिंग और पर्दे पर उनकी मौजूदगी का कोई मुकाबला नहीं था। लंबे करियर में उन्होंने 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, लेकिन अभिनय की दुनिया पर उनका असर बहुत बड़ा रहा।
बिना ज्यादा बोलकर सिर्फ अपने हाव-भाव और खामोशी से भावनाएं जाहिर करने की उनकी कला ने कई कलाकारों को प्रभावित किया। अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान भी दिलीप कुमार को अपनी प्रेरणा मानते रहे हैं और कई बार उनके अभिनय पर दिलीप कुमार के प्रभाव की बात कर चुके हैं।
दिलीप कुमार को नहीं पहचान पाई नई पीढ़ी
हालांकि, जब फिल्ममेकर उमेश मेहरा ने दिलीप कुमार को उनकी आखिरी रिलीज फिल्म ‘किला’ में डायरेक्ट किया, तो उनके सामने एक कड़वी सच्चाई आई। कभी भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शुमार रहे दिलीप कुमार को नई पीढ़ी पहचान नहीं पा रही थी।
डीडी उर्दू से बातचीत में उमेश मेहरा ने बताया कि दिलीप कुमार करीब दो दशकों से फिल्मों से दूर थे। उन्होंने कहा, “जब मैंने उनके साथ काम किया, तब उन्होंने करीब 15, 17 या 18 साल से कोई फिल्म नहीं की थी। वह अभिनय करना नहीं भूले थे, लेकिन लोग उन्हें भूल चुके थे। इंडस्ट्री में हम लोग जानते थे कि दिलीप कुमार कौन हैं, लेकिन आम जनता उन्हें भूल चुकी थी।”
यह भी पढे़ं: ‘पिटाई के डर से मैंने ये नाम रखा’, यूसुफ खान से कैसे बने अभिनेता दिलीप कुमार, एक्टर ने खुद सुनाया था किस्सा
हालांकि, ‘किला’ की स्क्रीनिंग के दौरान घटी एक घटना उमेश मेहरा के जेहन में हमेशा के लिए रह गई। उन्होंने बताया कि इंटरवल के दौरान वह दर्शकों की प्रतिक्रिया सुन रहे थे, तभी उन्होंने एक छोटे बच्चे को अपने पिता से दिलीप कुमार को लेकर ऐसी बात कहते सुना, जिसने उन्हें अंदर तक दुखी कर दिया।
बच्चे ने दिलीप कुमार की एक्टिंग को बताया था शाहरुख खान की नकल
उमेश मेहरा ने कहा, “एक बेहद दुखद घटना मैंने देखी, जब कुछ युवा लड़के यह तक नहीं जानते थे कि वह कौन हैं। यह बहुत दुखद महसूस होता है। एक बच्चे की कही बात आज भी मेरे कानों में गूंजती है। यह इंटरवल के दौरान हुआ था। हम दर्शकों की प्रतिक्रिया सुन रहे थे। तभी वह बच्चा बाहर जाते हुए अपने पिता से बोला, ‘पापा, ये तो शाहरुख खान की नकल कर रहे हैं।’”
इस टिप्पणी में विडंबना यह थी कि शाहरुख खान खुद दिलीप कुमार के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। सायरा बानो भी शाहरुख को प्यार से अपना बच्चा कहती थीं। शाहरुख खान, दिलीप कुमार और सायरा बानो के करीबी रहे और दिलीप कुमार के जीवन के आखिरी सालों में भी उनसे मिलने जाते रहे।
यह भी पढ़ें: ‘मन्नत बिकती नहीं, सिर झुकाकर मांगी जाती है’, बंगला बेचने को लेकर शाहरुख खान का सालों पुराना जवाब फिर हुआ वायरल
शाहरुख खान ने दिलीप कुमार से अपनी शुरुआती मुलाकात का एक किस्सा भी कई बार साझा कर चुके हैं। 2001 में जी सिने अवॉर्ड्स की मेजबानी करते हुए शाहरुख ने बताया था कि दिलीप कुमार ने उन्हें पहली मुलाकात में प्यार से गाल पर थपकी दी थी।
शाहरुख ने कहा था, “देवियों और सज्जनों, मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं क्योंकि जब मैं बॉम्बे आया और पहली बार दिलीप साहब से मिला, तो उन्होंने मेरे गाल पर हल्के से थपकी दी और कहा, ‘मेहनत करो!’ मैं आपको बता दूं कि पेशावर से आए किसी शख्स की हल्की सी थपकी भी बहुत जोरदार थप्पड़ जैसी लगती है।”
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, “मुझे उस थप्पड़ से कोई परेशानी नहीं है। उस छोटी सी थपकी ने मेरे करियर को आगे बढ़ाने में मदद की। अब अगर मुझे अपना करियर फिर से आगे बढ़ाना है, तो मैं दिलीप साहब से एक और थपकी मांगूंगा। शायद इससे मैं अगले 20 साल तक लोगों के बीच चर्चा में रहूं।” बता दें कि दिलीप कुमार का 98 साल की उम्र में 7 जुलाई 2021 को निधन हो गया था।
